भाई की मौत का सदमा झेल नहीं पाया भाई, उठाया लिया ऐसा कदम कि बुझ गया घर चिराग!

punjabkesari.in Monday, Mar 30, 2026 - 08:32 PM (IST)

सहारनपुर: उत्तर प्रदेश के सहारनपुर जिले के नगर कोतवाली क्षेत्र में एक युवक ने कथित तौर पर फांसी का फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। पुलिस ने सोमवार को यह जानकारी दी। पुलिस के मुताबिक मृतक की पहचान नगर कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला शमादार निवासी मोहम्मद कैफ (28) के रूप में हुई है। कुछ माह पूर्व ही मृतक के भाई की भी संदिग्ध हालत में मौत हो गई थी। 

पुलिस क्षेत्राधिकारी (सीओ) मनोज कुमार यादव ने बताया कि मोहम्मद कैफ रविवार रात अपने कमरे में सोने गया, लेकिन आज सुबह जब वह काफी देर तक बाहर नहीं आया तो उसके परिजनों को चिंता हुई। सीओ के मुताबिक परिजन जब उसके कमरे में गये तो कैफ फांसी के फंदे से लटका हुआ था। परिजनों ने उसे तुरन्त ही फंदे से नीचे उतारा और पुलिस को सूचित किया।

उन्होंने बताया कि सूचना मिलते ही कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिये भेज दिया। पुलिस के मुताबिक मृतक के पिता तौफीक अहमद ने बताया कि परिवार में संपत्ति को लेकर विवाद चल रहा था, जिससे कैफ कुछ दिनों से मानसिक रूप से परेशान चल रहा था।

सीओ ने कहा कि पुलिस इस मामले की हर पहलू से जांच कर रही है। फॉरेंसिक विभाग की टीम ने मौके पर पहुंचकर कमरे का निरीक्षण करते हुए साक्ष्य जुटाये हैं। उन्होंने कहा कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट की प्रतीक्षा की जा रही है ताकि मौत के सही कारण का पता चल सके। सीओ ने कहा कि मामले में अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है। 
 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Ramkesh

Related News

static