UP: जमीनी विवाद के चलते वृद्ध दंपति को जिंदा जलाने का प्रयास, बुरी तरह झुलसे दंपत्ति
punjabkesari.in Friday, Jul 08, 2022 - 04:25 PM (IST)

रायबरेली: उत्तर प्रदेश के रायबरेली से एक दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है। यहां संपत्ति और जमीनी विवाद के चलते झोपड़ी में सो रहे वृद्ध दंपति को आग में ढकेल कर जान से मारने का प्रयास किया गया है। आग की लपटें देखकर पहुंचे स्थानीय लोगों द्वारा झुलसे दंपत्ति को तुंरत अस्पताल में भर्ती करवाया गया है। वहीं दंपति के बेटी की तहरीर पर पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।
मामला रायबरेली जनपद के डीह क्षेत्र के पूरे लोकई मजरे मऊ गांव का है। जहां सूरजपाल अपनी पत्नी धनपता के साथ गांव के बाहर तालाब के किनारे लगभग 20 वर्ष से एक झोपड़ी बनाकर रह रहा था। जब रात को वे सो रहे थे, तब झोपड़ी को आग लग गई। जिसमें वह बुरी तरह झुलस गए और उनका अनाज भी राख हो गया। आग की लपटें देख कर पहुंचे आस-पास के लोगों ने उन्हें बाहर निकाल कर घायल दंपति को उपचार के लिए सीएचसी पहुंचाया, लेकिन दंपति की हालत गंभीर होने के कारण जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। इसके साथ ही उनकी दो बकरियां भी जल के मर गई।
वहीं दंपति की पुत्री निर्मला ने बताया कि उनका भूमि का विवाद चल रहा है, जिसके चलतें आरोपियों ने झोपड़ी में आग लगाकर उसके माता-पिता को जान से मारने का प्रयास किया है। वहीं स्थानिय लोगों का बयान भी सामने आया है, जिसके अनुसार यह एक षड्यंत्र के तहत किया गया प्रयास है, जिसमें कई लोग शामिल होगे। आग लगने से दोनों वद्ध दंपत्ति बाहर भागे, लेकिन उन्हें दोबारा झोपड़ी में धक्का दे दिया गया। रात को बहुत अंधेरा होने के कारण उन लोगों को दोनों वृद्ध पहचान में नहीं आए। इस मामले में पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। साथ ही आगे की कार्रवाई शुरू कर बाकी आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।