UP Board Exam 2026: 53 लाख छात्र और पेपर लीक की अफवाह, बोर्ड ने सरेआम दी चेतावनी- गुमराह किया तो सीधे जाएंगे जेल!
punjabkesari.in Wednesday, Feb 18, 2026 - 08:48 AM (IST)
UP Board Exam 2026: उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षा परिषद (UPMSP) की हाईस्कूल और इंटरमीडिएट की परीक्षाएं आज, 18 फरवरी से शुरू हो गई हैं। परीक्षा शुरू होने से ऐन पहले सोशल मीडिया पर पेपर लीक को लेकर उड़ रही अफवाहों पर बोर्ड ने बेहद सख्त रुख अपनाया है। बोर्ड ने साफ कर दिया है कि ऐसी खबरें पूरी तरह फर्जी हैं और भ्रम फैलाने वालों को बख्शा नहीं जाएगा।
सावधान! पेपर लीक की खबरें सिर्फ अफवाह
बोर्ड ने एक आधिकारिक बयान जारी कर छात्रों और अभिभावकों को सचेत किया है। बोर्ड का कहना है कि कुछ असामाजिक तत्व सुनियोजित तरीके से परीक्षाओं की शुचिता बिगाड़ने और छात्रों को गुमराह करने की कोशिश कर रहे हैं। बोर्ड ने अफवाह फैलाने वालों के खिलाफ साइबर सेल में मामला दर्ज कराया है। परीक्षार्थी इन भ्रामक खबरों पर ध्यान न दें और पूरे आत्मविश्वास के साथ अपनी परीक्षा पर फोकस करें।

सुरक्षा के 'चक्रव्यूह' में परीक्षा केंद्र
इस साल नकल रोकने और पारदर्शिता बनाए रखने के लिए हाई-टेक इंतजाम किए गए हैं। सभी 8,033 केंद्रों पर वॉयस रिकॉर्डर वाले सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं, जिनकी वेबकास्टिंग के जरिए लखनऊ से लाइव निगरानी हो रही है। 18 जिलों को संवेदनशील घोषित किया गया है। 222 अति संवेदनशील और 683 संवेदनशील केंद्रों पर अतिरिक्त फोर्स तैनात है। 440 जिला स्तरीय और 69 मंडलीय मोबाइल स्क्वॉड नकलचियों को पकड़ने के लिए मुस्तैद हैं।
मेरे प्रिय विद्यार्थियो,
— Yogi Adityanath (@myogiadityanath) February 17, 2026
उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षा परिषद की हाईस्कूल एवं इण्टरमीडिएट की बोर्ड परीक्षाएं कल से प्रारंभ हो रही हैं। आप सभी को मेरा शुभाशीष।
परीक्षाएं केवल आपकी शैक्षणिक योग्यता का मूल्यांकन नहीं हैं, बल्कि यह आपके धैर्य, अनुशासन और आत्मविश्वास की भी परीक्षा है।…
CM योगी का संदेश- 'धैर्य और अनुशासन की परीक्षा'
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सोशल मीडिया (X) के माध्यम से छात्रों को शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि परीक्षाएं केवल आपकी शैक्षणिक योग्यता का मूल्यांकन नहीं हैं, बल्कि यह आपके धैर्य, अनुशासन और आत्मविश्वास की भी परीक्षा है।" उन्होंने छात्रों को बिना तनाव के परीक्षा देने का आशीर्वाद दिया।
छात्रों के लिए जरूरी जानकारी
बोर्ड ने किसी भी समस्या या संदिग्ध सूचना की शिकायत के लिए टोल-फ्री हेल्पलाइन नंबर जारी किए हैं:-
- हेल्पलाइन नंबर: 1800-180-6607 और 1800-180-6608
- परीक्षा अवधि: 18 फरवरी से 12 मार्च 2026 तक।
- कुल परीक्षार्थी: 53,37,778 छात्र-छात्राएं।

