यूपी कांग्रेस अध्यक्ष बोले- असंवैधानिक कानून की वापसी ही गांधी जी को सच्ची श्रद्धाजंलि

punjabkesari.in Thursday, Jan 30, 2020 - 06:25 PM (IST)

लखनऊः उत्तर प्रदेश कांग्रेस के अध्यक्ष अजय कुमार लल्लू ने गुरूवार को कहा कि केन्द्र सरकार को नागरिकता संशोधन कानून (सीएए) और राष्ट्रीय नागरिकता रजिस्टर (एनआरसी) को वापस लेकर राष्ट्रपिता महात्मा गांधी को सच्ची श्रद्धाजंलि अर्पित करनी चाहिये। पार्टी के प्रदेश मुख्यालय में महात्मा गांधी को उनकी 72वीं पुण्यतिथि पर श्रद्धाजंलि अर्पित करने के बाद लल्लू ने गुरूवार को कहा कि आज जब समूचा देश सरकार के संविधान विरोधी और जनविरोधी कानून से उद्वेलित है और राष्ट्रपिता के सविनय अवज्ञा के हथियार से आन्दोलन कर रहा है तो सरकार को चाहिए कि उन लोगों से संवाद स्थापित करे।

उन्होंने कहा कि महात्मा गांधी को पूरी दुनिया जिस कृतज्ञ भाव से याद कर रही है, उनके मूल्यों को याद कर रही है, उससे प्रेरणा लेकर केन्द्र देश में लागू किए गए असंवैधानिक कानून(सीएए-एनआरसी) को वापस ले। यही आज के दिन गांधी जी के प्रति सच्ची श्रद्धांजलि होगी। पार्टी दफ्तर में प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष की अध्यक्षता में ‘‘आज का भारत और राष्ट्रपिता महात्मा गांधी जी के विचार'' विषय पर एक विचार गोष्ठी का आयोजन किया गया।

इस अवसर पर लल्लू ने कहा कि राष्ट्रपिता आज के ही दिन 30 जनवरी 1948 को शरीर छोड़कर चले गये लेकिन वह हमेशा जिन्दा थे और जिन्दा रहेंगे। वह कांग्रेस के विचारों में हमेशा जीवित रहेंगे। समूची दुनिया उन्हें सत्य, अहिंसा और लोकतंत्र के पुजारी के रूप में पूजती और स्वीकार करती है। वह समाज के सभी वर्गों के समानता के हिमायती रहे।    

उन्होंने कहा कि उनकी सोच पर आधारित बना संविधान ही हम सबको न्याय के समक्ष बराबरी का अधिकार देता है और उनके बताये गये तीन अमूल्य हथियार सत्याग्रह-अर्थात सत्य के प्रति आग्रह, जो आजादी के आन्दोलन के दौरान सुदूर पिछड़े क्षेत्र के किसानों को जो नील की खेती से तबाही और बर्बादी के दौर में थे अपने साथ खड़ा पाता है और उस अंग्रेजी हुकूमत का सत्य के प्रति आग्रह के मजबूत हथियार से गांधी जी ने न केवल उन बर्बाद किसानों को बचाकर जीवनदान दिया बल्कि तानाशाही हुकूमत को झुकने के लिए विवश किया। 


 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Tamanna Bhardwaj

Recommended News

Related News

static