UP Legislature Session: यूपी विधानमंडल का बजट सत्र आज से शुरू, राज्यपाल के अभिभाषण से होगी शुरुआत
punjabkesari.in Monday, Feb 09, 2026 - 09:05 AM (IST)
लखनऊ: उत्तर प्रदेश विधान मंडल का बजट सत्र सोमवार को राज्यपाल आनंदी बेन पटेल के अभिभाषण के साथ शुरू होगा। राज्य सरकार ने एक बयान में कहा कि मंगलवार को सत्र के दूसरे दिन सदन के वर्तमान व पूर्व सदस्यों के निधन पर शोक व्यक्त किया जाएगा। सता और विपक्ष ने बजट सत्र को लेकर कमर कस ली है। विपक्ष ने सरकार को घेरने की पूरी तैयारी कर ली है।
कब होगा बजट पेश
वित्त मंत्री सुरेश खन्ना 11 फरवरी को वित्तीय वर्ष 2026-27 का बजट पेश करेंगे। इसके बाद राज्यपाल के अभिभाषण (धन्यवाद प्रस्ताव) पर चर्चा होगी। बयान में कहा गया है कि उसके बाद 13 फरवरी तक सदन की कार्यवाही नियमित तौर पर चलेगी। शनिवार व रविवार को सदन की बैठक स्थगित रहेगी। सोमवार 16 फरवरी से सदन की कार्यवाही फिर शुरू होगी। सदन की कार्यवाही 20 फरवरी तक प्रस्तावित है।
इन प्रावधानों पर रहेगा विशेष फोकस
माना जा रहा है कि इस बजट में बुनियादी ढांचे, शिक्षा, स्वास्थ्य, कृषि, महिला सशक्तिकरण और युवाओं के लिए रोजगार से जुड़े प्रावधानों पर विशेष फोकस रहेगा। सत्र के दौरान विभिन्न विभागों के अनुदान मांगों पर भी विचार किया जाएगा, वहीं विपक्ष द्वारा सरकार को विभिन्न मुद्दों पर घेरने की रणनीति भी देखने को मिल सकती है। सपा विधायक सदन में SIR के मुद्दे पर सरकार को घेरने की तैयारी में हैं।

