UP MlC Election Result 2022: झांसी में रमा निरंजन ने खिलाया कमल, सपा उम्मीदवार श्यामसुंदर सिंह को मिली हार
punjabkesari.in Tuesday, Apr 12, 2022 - 02:56 PM (IST)

झांसी: उत्तर प्रदेश विधान परिषद (एमएलसी) निर्वाचन-2022 के तहत मंगलवार को हुई मतगणना के बाद घोषित परिणाम में झांसी से भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की उम्मीदवार रमा निरंजन ने 579 मतों से जीत हासिल की। भाजपा उम्मीदवार को 2092 मत मिले जबकि समाजवादी पार्टी (सपा) के उम्मीदवार श्यामसुंदर सिंह पारीछा को 1513 वोटो से ही संतोष करना पडा। इस तरह भाजपा उम्मीदवार ने सपा प्रत्याशी को 579 मतों के अंतर से हराया।
जिला सूचना कार्यालय की ओर से दी गयी जानकारी के अनुसार कुल 3787 मतों में से 151 अवैध पाये गये। कुल 3636 वैध मतों में से भाजपा उम्मीदवार ने 2092 मत पाकर जीत हासिल की। इनके अलावा झांसी से निर्दलीय उम्मीदवार दातार सिंह और तेज प्रताप सिंह ने भी दावेदारी पेश की थी। इन दोनों उम्मीदवारों को क्रमश: 14 और 17 वोट ही मिल पाये।
इस सीट से चार उम्मीदवारों के मैदान में होने के बावजूद मुख्य मुकाबला भाजपा और सपा के बीच ही माना जा रहा था और हुआ भी यही भाजपा उम्मीदवार ने 579 मतों से सपा उम्मीदवार को हराया। एमएलसी चुनाव के लिए मतदान 09 अप्रैल को हुआ था जिसमें झांसी में 89.71 प्रतिशत, जालौन में 98.94 प्रतिशत और ललितपुर में सर्वाधिक 99़ 12 प्रतिशत मतदान हुआ था। इस तरह तीनों जनपदों में मिलाकर 98.90 प्रतिशत मतदान हुआ था।
मतदान प्रक्रिया में सांसद, विधायक, नगर निकाय के अध्यक्ष, ब्लॉक प्रमुख, क्षेत्र पंचायत सदस्य, ग्राम प्रधान समेत जिला पंचायत अध्यक्ष, महापौर, जिला पंचायत सदस्य और नगर निगम के पार्षदों ने मतदान में हिस्सा लिया था।