UP-MLC Election Result: गोरखपुर-फैजाबाद क्षेत्र से ध्रुव कुमार त्रिपाठी ने लगाई जीत की हैट्रिक

punjabkesari.in Friday, Dec 04, 2020 - 01:01 PM (IST)

कुशीनगर: उत्तर प्रदेश विधान परिषद की शिक्षक निर्वाचन गोरखपुर-फैजाबाद क्षेत्र से शर्मा गुट के ध्रुव कुमार त्रिपाठी ने 1008 वोटों से अपने निकटतम प्रतिद्वंदी अजय सिंह को हरा दिया है। उन्हें कुल 10227 मत मिले जबकि अजय सिंह को 9219 मत प्राप्त हुए। ध्रुव त्रिपाठी की जीत दूसरी वरीयता के मतों से हुई।

पुरानी पेंशन लागू करने की मांग को लेकर चुनाव लड़ने वाले निर्दल प्रत्याशी राजीव यादव ने 4529 मत हासिल करते हुए तीसरा स्थान प्राप्त किया है। चौथे स्थान पर समाजवादी पार्टी के प्रत्याशी अवधेश कुमार यादव रहे, उन्हें 2667 वोट मिले। मंडलायुक्त/ रिटर्निंग आफिसर जयंत नार्लिकर ने विजयी प्रत्याशी को प्रमाण पत्र प्रदान किया।

गोरखपुर-फैजाबाद खण्ड शिक्षक निर्वाचन की मतगणना गुरुवार को विश्वविद्यालय परिसर में शुरू हुई। देर रात तक चली मतगणना में मुख्य मुकाबला ध्रुव कुमार त्रिपाठी और अजय कुमार सिंह के बीच सिमटा दिखा। दोनों के बीच काटे की टक्कर दिखी। पहली वरीयता की गिनती में ध्रुव कुमार 854 वोटों से आगे रहे। प्रथम वरीयता के वोटों की गिनती शाम पांच बजे पूरी हुई। प्रथम वरीयता की गिनती में परिणाम न आने से शाम सात बजे आरओ टेबल पर द्वितीय वरीयता के मतों की गिनती शुरू हुई।       

मतगणना के लिए 14 टेबल लगाए गए थे। मतगणना कर्मियों ने पहले वैध और अवैध मतों की छंटनी की। इसके बाद वैध मतों वाले मतपत्रों की 50-50 की गड्डी बनाई गई। गड्डी तैयार किए जाने के बाद प्रथम वरीयता के मतों की गिनती शुरू की गई। शाम को तकरीबन 5 बजे प्रथम वरीयता के मतों की गिनती पूरी की जा सकी। हर गड्डी की गिनती में ध्रुव कुमार और अजय सिंह के बीच कांटे की टक्कर देखी गई। वोटों का अंतर इतना कम था कि आगे रहने वाले ध्रुव त्रिपाठी के समर्थक खुशी मनाने की स्थिति में नहीं दिखे। प्रथम वरीयता के मतों में लगातार दो बार से शिक्षक विधायक चुने गए ध्रुव कुमार त्रिपाठी आगे रहे। दूसरे स्थान पर अजय कुमार सिंह थे। सबसे कम 58 वोट अनिल कुमार गौतम को मिला।

मतगणना स्थल पर डीएम गोरखपुर के. विजयेंद्र पांडियन, डीएम देवरिया अमित किशोर, अपर आयुक्त प्रशासन गोरखपुर अजय कांत सैनी, एडीएम वित्त एवं राजस्व राजेश कुमार सिंह तथा बड़ी संख्या में अधिकारी-कर्मचारी मौजूद रहे। प्रथम वरीयता के मतों की गिनती के बाद कर्मचारियों ने कुछ देर के लिए मतगणना रोक दी। करीब सात बजे द्वितीय वरीयता के मतों की गणना शुरू हो गई। दूसरी वरीयता के वोटों की गिनती में भी कांटे की टक्कर दिख रही थी। ठिठुरन भरी रात में भी दोनों प्रत्याशियों के समर्थक डटे रहे।       

जीत के बाद ध्रुव कुमार त्रिपाठी ने कहा कि यह शिक्षकों की जीत है। शिक्षक विरोधी ताकतें परास्त हुई हैं। शिक्षक समुदाय पूरे प्रदेश में रणनीति बनाकर शिक्षकों के हित में काम करेगा। वित्तवहीन शिक्षकों और नई पेंशन योजना के तहत नियुक्ति पाने वाले शिक्षकों को साधते हुए उन्होंने कहा कि प्रदेश के सभी शिक्षकों को समान काम का समान वेतन और पुरानी पेंशन दिलाने के लिए संघर्ष किया जाएगा। सभी शिक्षकों को मेडिकल सुविधा दिलाने की लड़ाई भी लड़ी जाएगी।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Umakant yadav

Recommended News

Related News

static