UP Politics: विनोद बिंद को भदोही से प्रत्याशी बनाने पर संजय निषाद ने BJP नेतृत्व को दिया धन्यवाद

punjabkesari.in Thursday, Apr 11, 2024 - 05:50 PM (IST)

लखनऊ: भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने बृहस्पतिवार को भदोही लोकसभा सीट से डॉ. विनोद बिंद को अपना उम्मीदवार घोषित किया। इस पर निषाद पार्टी के अध्यक्ष डॉ. संजय निषाद ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी, भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा, गृह मंत्री अमित शाह, प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और संगठन महामंत्री धर्मपाल सिंह को धन्यवाद दिया।
PunjabKesari
डॉ. विनोद बिंद वर्तमान में मिर्जापुर जिले की मझवां विधानसभा सीट से निषाद पार्टी के विधायक हैं। निषाद पार्टी उत्तर प्रदेश में भाजपा की साझीदार पार्टी है। डॉ. संजय निषाद ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स' पर एक पोस्ट में लिखा, “गृह मंत्री अमित शाह के साथ वार्तालाप के कारण निषाद पार्टी के कोटे की भदोही सीट पर निषाद पार्टी के कार्यकर्ता डॉ. विनोद बिंद भाजपा के प्रत्याशी के रूप में चुनाव लड़ेंगे।”
PunjabKesari
उन्होंने आगे लिखा, “इसके लिए शीर्ष नेतृत्व, प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी, भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा, गृह मंत्री अमित शाह, प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, संगठन महामंत्री धर्मपाल सिंह और प्रदेश भाजपा अध्यक्ष भूपेंद्र चौधरी को धन्यवाद।” संजय निषाद ने लिखा, “निषाद पार्टी के पदाधिकारी और कार्यकर्ता आश्वस्त रहें कि साध्वी निरंजन ज्योति, बाबूराम निषाद, संगीता बलवंद बिंद, साक्षी महाराज, राजवीर सिंह, धर्मेन्द्र कश्यप और विनोद बिंद मजबूती के साथ मछुआरा समुदाय की आवाज उठाते रहेंगे। निषाद राज के वंशजों की एक और आवाज निषाद पार्टी के विधायक डॉ. विनोद बिंद हैं।”
PunjabKesari
इस सीट से बिंद को टिकट देकर पार्टी ने मौजूदा सांसद रमेश चंद की उपेक्षा की। जिन्होंने 2019 के लोकसभा चुनाव में भदोही सीट पर बसपा के रंगनाथ मिश्रा को हराया था। विनोद बिंद इस सीट पर ललितेशपति त्रिपाठी से मुकाबला करेंगे जिन्हें तृणमूल कांग्रेस ने इस सीट से अपना उम्मीदवार बनाया है। ‘इंडिया' गठबंधन ने सीट बंटवारे के तहत तृणमूल को पूर्वी उत्तर प्रदेश की एकमात्र भदोही सीट दी है। इस गठबंधन में समाजवादी पार्टी और कांग्रेस भी शामिल हैं। भदोही सीट पर लोकसभा चुनाव के छठे दौर में 25 मई को चुनाव होगा और परिणामों की घोषणा चार जून को की जाएगी।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Harman Kaur

Recommended News

Related News

static