सोच-समझ कर करें मतदान: डिंपल यादव बोलीं- मैनपुरी नेताजी की कर्मभूमि रही...
punjabkesari.in Monday, Nov 28, 2022 - 09:42 PM (IST)

लखनऊ: समाजवादी पार्टी (सपा) की प्रत्याशी एवं पूर्व सांसद डिंपल यादव ने सोमवार को करहल विधानसभा में विभिन्न जनसभाओं को संबोधित करते हुए कहा कि इस बार हमें सोच-समझकर मतदान करना है।
डिंपल यादव ने कहा, ‘‘ आसपास देखना है कि क्या काम हो रहे हैं, क्या हमें नौकरियां मिल रही हैं। क्या हमारे किसानों को सही कीमत पर रासायनिक उर्वरक मिल रहा है। कहीं किसी का शोषण तो नहीं हो रहा। इन सब बातों को ध्यान में रखते हुए ही सबको मतदान करना है। '' उन्होंने कहा, ‘‘ मुझे उम्मीद है कि जिस तरह से ये समाजवादी गढ़ रहा है उसी तरह हम सब मिलके पार्टी को जिताएंगे। मैंने मैनपुरी को अपना परिवार माना है। जहां आप सभी ने नेताजी को सम्मान देने का काम किया वहीं नेताजी ने भी अपना तन-मन-धन सब लगा दिया। उनके मन में हमेशा यही विचार रहते थे कि मैनपुरी का विकास कैसे हो, कैसे हम आखिरी तबके तक सुविधाएं पहुंचा सकें। चाहे वे किसानों की मुफ्त सिंचाई हो या अन्य कोई सुविधा।''
उन्होंने आज प्रचार अभियान के दौरान भोगांव विधानसभा क्षेत्र में सुल्तानगंज ब्लॉक के विभिन्न गांवों में मतदाताओं से जनसम्पर्क भी किया। यादव ने कहा कि मैनपुरी नेताजी की कर्मभूमि रही है। यहां के हर व्यक्ति से उनका निकट सम्बंध रहा है। सपा की सरकार ने इस क्षेत्र में बहुत काम किया है। यहां के लोगों को भारतीय जनता पार्टी भटका नहीं सकती है। नेताजी को यहां के लोगों ने हमेशा सम्मान दिया है। मैनपुरी के नौजवान, बुजुर्ग तथा महिलाएं नेता जी को कभी नहीं भूलेंगे।