UP: 53 जिलों में जिला पंचायत अध्यक्ष पद के परिणाम आए सामने, कई जिलों में BJP ने मारी बाजी

punjabkesari.in Saturday, Jul 03, 2021 - 05:44 PM (IST)

लखनऊ: उत्तर प्रदेश के 53 जिलों में शनिवार दोपहर बाद 3 बजे से जिला पंचायत अध्यक्ष पद के लिए मतगणना जारी है। राज्‍य निर्वाचन आयोग द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार, उत्तर प्रदेश के त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव में 53 जिलों में 11 बजे पूर्वाह्न से 3 बजे अपराह्न तक मतदान हुआ तथा 3 बजे के बाद वोटों की गिनती शुरू हुई है। वहीं अब कई जिलों के परिणाम भी सामने आ रहे हैं। 

Live updates:-

जिला पंचायत अध्यक्ष कुल सीट - 75 ः-

भाजपा - 67
सपा- 5
रालोद - 1
जनसत्ता दल - 1
निर्दलीय - 1
कांग्रेस - शून्य
बसपा - शून्य

निर्विरोध नतीजेः-
भाजपा - 22
सपा - 1

3 जुलाई को चुनाव के बाद नतीजेः-
चुनाव -  53 जिले
भाजपा - 46 जिले
सपा - 4 जिले
जनत्ता दल - 1 जिले
रालोद - 1 जिले
निर्दल - 1 जिले

  • शामली में एक वोट से जीतीं BJP प्रत्याशी मधु

शामली में कांटे के मुकाबले में भाजपा प्रत्याशी विजयी। जिला पंचायत अध्यक्ष पद के लिए भाजपा प्रत्याशी मधु को 10 वोट मिले हैं, जबकि सपा-रालोद प्रत्याशी अंजलि को 9 वोट मिले हैं। भाजपा प्रत्याशी एक वोट से विजयी घोषित हुई है।

 

  • आजमगढ़ में SP के विजय यादव जीते

बलिया में पूर्व मंत्री अंबिका चौधरी के बेटे सपा उम्मीदवार आंनद चौधरी 33 वोट पाकर विजयी घोषित हए हैं। भाजपा उम्मीदवार को 24 वोट मिले हैं। आजमगढ़ में सपा के विजय यादव जीत गए हैं। 

  • चंदौली में बीजेपी प्रत्याशी की जीत 

चंदौली में भाजपा के दीनानाथ शर्मा ने जीत दर्ज की है। भदोही में भाजपा समर्थित अनिरुद्ध त्रिपाठी ने जीत का परचम लहराया है। 
 

  • फतेहपुर में BJP  ने लहराया परचम

फतेहपुर जिला पंचायत अध्यक्ष पद पर भारतीय जनता पार्टी के प्रत्याशी अभय प्रताप सिंह 41 मत पाकर विजयी घोषित हुए हैं। सपा प्रत्याशी संगीत राज को 5 वोट मिले हैं। 
 

  • हमीरपुर में बीजेपी ने दर्ज की जीत

हमीरपुर में 17 जिला पंचायत सदस्यों में भाजपा की जयंती राजपूत को 11 और निषाद पार्टी के दुष्यंत सिंह परिहार को 6 वोट मिले। भाजपा की जयंती राजपूत अध्यक्ष बनीं।

  • औरैया में BJP प्रत्याशी कमल ने दर्ज की जीत 

औरैया में भारतीय जनता पार्टी के कमल दोहरे को कुल 13 वोट लेकर जीत हासिल की है। वहीं समाजवादी प्रत्याशी रवि त्यागी को सिर्फ 9 वोट मिले। भाजपा प्रत्याशी कमल ने जीत दर्ज की है।
 

  • मुजफ्फरनगर में BJP के वीरपाल निरवाल जीते

मुजफ्फरनगर में भाजपा के वीरपाल निरवाल ने जीत दर्ज की है। कुल 43 जिला पंचायत सदस्यों में से 34 में वोट डाले गए। जिनमें से भाजपा के वीरपाल निरवाल को 30 वोट और विपक्ष के सत्येंद्र बालियान को 4 वोट प्राप्त हुए। 
 

  • देवरिया में BJP प्रत्याशी गिरीश चंद तिवारी जीते

देवरिया जिला पंचायत अध्यक्ष के चुनाव में भाजपा प्रत्याशी गिरीश चंद तिवारी ने 42 मत प्राप्त कर सपा प्रत्याशी शैलजा यादव को पराजित कर दिया। सपा उम्मीदवार शैलजा यादव को ग्यारह मत प्राप्त हुए। 
 

  • अयोध्या में BJP की रोली सिंह जीतीं

अयोध्या जिला पंचायत सीट पर भाजपा ने कब्जा जमाया है। भाजपा की प्रत्याशी रोली सिंह जिला पंचायत अध्यक्ष बन गई हैं। भाजपा की रोली सिंह को 30 वोट मिले, जबकि सपा को केवल 10 वोट प्राप्त हुए।
 

  • बागपत में RLD की ममता ने दर्ज की जीत

बागपत में रालोद की ममता ने जीत दर्ज की है। ममता को 12 वोट मिली हैं। जबकि भाजपा की बबली देवी को 7 वोट मिली। एक वोट कैंसिल हो गई।
 

  • फिरोजाबाद में BJP की जीत

फिरोजाबाद से पूर्व मंत्री जयवीर सिंह की पुत्रवधू हर्षिता सिंह जीत गई हैं। 33 सदस्यों में से भाजपा को 19 वोट मिले। समाजवादी पार्टी की रुचि यादव को 11 मत प्राप्त हुए हैं। 

  • संतकबीरनगर में SP के बलिराम यादव जीते

संतकबीरनगर में सपा प्रत्याशी बलिराम यादव चुनाव जीते। सपा प्रत्याशी बलिराम यादव को 18 मत मिले। जबकि भाजपा प्रत्याशी कृष्ण कुमार चौरसिया को 12 मत मिले। छह मतों से सपा के बलिराम यादव चुनाव जीत गए।
 

  • महराजगंज में बीजेपी के रविकांत पटेल जीते

महराजगंज में भाजपा प्रत्याशी रविकांत पटेल को 38 और सपा प्रत्याशी दुर्गा यादव को 9 मत मिले। मतदान में 38 मत पाकर भाजपा प्रत्याशी रविकांत पटेल विजयी घोषित किए गए। खास बात रही की सपा ने अपने नौ जिला पंचायत सदस्यों का वोट सहेजे रखा। इसमें भाजपा सेंधमारी नहीं कर पाई।
 

  • जौनपुर में पूर्व सांसद धनंजय सिंह की पत्नी जीतीं

जौनपुर में बाहुबली पूर्व सांसद धनंजय सिंह की पत्नी जिला पंचायत अध्यक्ष बन गई हैं। श्रीकला को अपना दल एस ने अंतिम समय में समर्थन दिया। मल्हनी विधानसभा उप चुनाव में निर्दलीय प्रत्याशी थे बाहुबली पूर्व सांसद धनंजय सिंह।

 

  • बस्ती में BJP के संजय चौधरी को मिली जीत

बस्ती में भाजपा के संजय चौधरी जिला पंचायत अध्यक्ष चुनाव जीत गए हैं। उन्हें 39 मत मिले, जबकि उनके प्रतिद्वंद्वी सपा के उम्मीदवार वीरेंद्र चौधरी को महज चार वोट मिले हैं। नतीजे आने के बाद से भाजपा खेमे में खुशी की लहर दौड़ गई। कलेक्ट्रेट के निकट स्थित भारत रत्न पंडित अटल बिहारी बाजपेयी प्रेक्षागृह में सांसद हरीश द्विवेदी व विधायकों ने जीत का जश्न मनाया।

  • गाजीपुर में BJP  जिला पंचायत अध्यक्ष को मिली जीत

गाजीपुर में जिला पंचायत अध्यक्ष के लिए भाजपा की सपना सिंह की जीत हुई है। सपना को कुल 47 वोट मिले और सपा की कुसुमलता को कुल 20 वोट मिले। सपा की 30 साल से कब्जे वाली सीट पर पहली बार भाजपा जिला पंचायत अध्यक्ष को बड़ी जीत मिली है।

  • आंबेडकरनगर में BJP का कब्जा

आंबेडकरनगर में जिला पंचायत अध्यक्ष पद पर भाजपा के साधु वर्मा ने एकतरफा जीत दर्ज की है। उन्हें 30 सदस्यों का समर्थन मिला। जबकि सपा प्रत्याशी अजीत यादव 10 वोट तक ही सीमित रह गए। एक मत निरस्त हुआ है।

  • रायबरेली में BJP प्रत्याशी रंजना चौधरी ने मारी बाजी 

रायबरेली जिला पंचायत अध्यक्ष पद के लिए हुए चुनाव में भाजपा समर्थित प्रत्याशी रंजना चौधरी ने जीत हासिल की है। उनको 30 वोट मिले हैं, जबकि कांग्रेस और सपा गठबंधन के प्रत्याशी पूर्व सांसद अशोक सिंह की बहू आरती सिंह को 22 वोट मिले हैं। जीत की उम्मीद लगाए कांग्रेस और सपा गठजोड़ को चुनाव में करारा झटका लगा है। एक बार फिर एमएलसी दिनेश प्रताप सिंह ने अपनी ताकत का एहसास कराया है।

  • अमेठी BJP प्रत्याशी राजेश अग्रहरि जीते

अमेठी जिला पंचायत अध्यक्ष चुनाव में भाजपा प्रत्याशी राजेश अग्रहरि ने जीत दर्ज की है। अमेठी पंचायत अध्यक्ष पद के लिए कुल 36 मत पड़े। भाजपा प्रत्याशी राजेश अग्रहरि को 31 मत मिले। राजेश अग्रहरी 27 वोटों से विजयी हुए। सपा की शीलम सिंह को कुल 04 मत मिले। 
 

  • बाराबंकी में जिला पंचायत अध्यक्ष पर पद पर BJP का कब्जा

बाराबंकी जिला पंचायत अध्यक्ष के पद पर भारतीय जनता पार्टी के प्रत्याशी राजरानी रावत 48 मत पाकर चुनाव जीत गईं। उनके निकटतम प्रतिद्वंदी सपा की उम्मीदवार नेहा आनंद को सिर्फ 8 मत मिले। कुल पड़े 57 मतों में एक बैलट पेपर सादा पाया गया।
 

  • सीतापुर में BJP की श्रद्धा सागर जीतीं

सीतापुर में जिला पंचायत अध्यक्ष चुनाव के नतीजे घोषित हो गए हैं। भाजपा प्रत्याशी श्रद्धा सागर 79 में से 56 वोट पाकर विजयी हुई हैं। निकटतम प्रतिद्वंदी सपा प्रत्याशी अनीता राजवंशी को 22 वोट मिले हैं। 
 

  • उन्नाव में BJP प्रत्याशी शकुन सिंह जीते

उन्नाव में भाजपा के बागी नेता अरुण सिंह को हराकर भाजपा प्रत्याशी शकुन सिंह जीत गई हैं। शकुन को 28, अरुण सिंह को 19, मालती रावत को चार वोट मिले हैं।
 

  • कन्नौज में BJP ने लहराया जीत का परचम

कन्नौज में भाजपा और सपा के बीच कांटे की टक्कर देखने को मिली। हालांकि भाजपा प्रत्याशी ने यहां जीत दर्ज की। भाजपा की प्रिया शाक्य को 15 मत और सपा के श्याम सिंह यादव को 13 मत प्राप्त हुए। प्रिया शाक्य विजयी घोषित की गईं।
 

  • सिद्धार्थनगर मेें BJP की शीतल सिंह बनी जिला पंचायत अध्यक्ष

सिद्धार्थनगर में भाजपा प्रत्याशी शीतल सिंह जिला पंचायत अध्यक्ष निर्वाचित हुईं। शीतल सिंह को 40 मत प्राप्त हुए, जबकि सपा प्रत्याशी पूजा यादव को पांच मत मिले। 

 

  • लखनऊ, बदायूं और गाजीपुर में BJP उम्मीदवार चुनाव जीते

लखनऊ, बदायूं और गाजीपुर में भाजपा उम्मीदवार चुनाव जीत गए हैं। अमेठी में भाजपा का कमल खिला है। सीतापुर, औरैया, रामपुर, हापुड़, संभल, बाराबंकी में भी भाजपा प्रत्याशियों ने विजयी परचम लहराया है। बिजनौर में भाजपा प्रत्याशी सकेंद्र प्रताप सिंह ने जीत दर्ज की है। 

  • BJP समर्थित प्रत्याशी मोनिका यादव ने जिला पंचायत अध्यक्ष का चुनाव जीता

फर्रुखाबाद में भाजपा समर्थित जिला पंचायत अध्यक्ष निर्दलीय प्रत्याशी मोनिका यादव ने 18 वोट हासिल कर जीत दर्ज की है। वहीं सपा प्रत्याशी डॉ. सुबोध यादव को 12 वोट मिले हैं।

  • हरदोई में BJP प्रत्याशी प्रेमावती को विजयी घोषित

हरदोई में जिला पंचायत अध्यक्ष पद के चुनाव में भाजपा प्रत्याशी प्रेमावती को विजयी घोषित किया गया है। भाजपा प्रत्याशी प्रेमावती को 65 वोट मिले। जबकि सपा प्रत्याशी मुन्नी देवी गौतम को 6 वोट मिले। 

  • महोबा में BJP समर्थित प्रत्याशी की जीत

महोबा में भाजपा समर्थित जय प्रकाश अनुरागी ने जिला पंचायत अध्यक्ष का चुनाव जीत लिया है। अपर जिलाधिकारी रामसुरेश वर्मा ने बताया कि कुल 14 सदस्यों में से 10 वोट जय प्रकाश को मिले और चार वोट सपा समर्थित प्रत्याशी मृत्युंजय प्रताप को मिले हैं।

  • सोनभद्र में अपना दल-एस की राधिका पटेल की जीत

सोनभद्र में अपना दल-एस की राधिका पटेल जिला पंचायत अध्यक्ष बनीं। सपा के जयप्रकाश पांडेय को सात वोटों के अंतर से हराया। राधिका को 19 और जयप्रकाश को 12 वोट मिले।

  • सपा के गढ़ मैनपुरी में भी BJP जीती

सपा के गढ़ मैनपुरी में बीजेपी ने सेंध लगाई है। जिला पंचायत अध्यक्ष निर्वाचन में भारतीय जनता पार्टी की उम्मीदवार अर्चना भदौरिया को 18 एवं समाजवादी पार्टी के उम्मीदवार मनोज यादव को 11 मत प्राप्त हुए भाजपा प्रत्याशी को विजयी घोषित किया गया है। 

  • कुशीनगर में BJP की सावित्री देवी ने मारी बाजी

कुशीनगर में  जिलापंचायत अध्यक्ष पद के चुनाव का परिणाम घोषित हुआ है। सपा उम्मीदवार रीता देवी को करारी हार देते हुए भाजपा की सावित्री देवी ने बाजी मारी है।कुल 61 वोटों में भाजपा के सावित्री देवी को 46 वोट, समाजवादी पार्टी की रीता देवी को 15 वोट पर सन्तोष करना पड़ा। कुशीनगर जिलापंचायत अध्यक्ष पद की विजयी उम्मीदवार सावित्री देवी घोषित की गईं।

  • मिर्जापुर, हाथरस और कासगंज में मतदान हुआ पूरा 

मिर्जापुर में 12:48 मिनट पर मतदान पूरा हो गया। वहीं हाथरस में भी जिला पंचायत के सभी 24 सदस्यों ने मतदान कर दिया है। यहां मतदान पूरा हो चुका है। कासगंज जिले में सभी 23 जिला पंचायत सदस्यों ने मतदान कर दिया। 

  • अयोध्या में मतदान के दौरान कलेक्ट्रेट बैरियर में सपा और भाजपा के दो कार्यकर्ताओं के बीच भिड़ंत हो गई। दोनों को रोकने के लिए पुलिस ने बल प्रयोग किया।

 

  • सोनभद्र में जिला पंचायत अध्यक्ष पद में मतदान के दौरान सपाइयों की पुलिस से तीखी नोंकझोंक हो गई। सपा कार्यकर्ताओं ने पुलिस-प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।

 

  • प्रयागराज में सपा एमएलसी डॉ. मान सिंह और जिलाध्यक्ष योगेश चंद्र यादव के साथ करीब 40 सदस्य मतदान के लिए पहुंचे। 

 

  • अलीगढ़ में भाजपा प्रत्याशी विजय सिंह सहित 34 वोटर एक साथ मतदान के लिए पहुंचे। अलीगढ़ में अबतक पड़े 44 वोट पड़े हैं। अब तीन और मतदाता शेष हैं।

 

  • हाथरस में अबतक 24 में से 19 सदस्य वोट डाल चुके हैं। वहीं अब 5 और सदस्यों के वोट डालने का इंतजार है।

 

  • संभल में दोनों पक्षों में नारेबाजी के दौरान भारी पुलिस बल तैनात

संभल के बहजोई कलेक्ट्रेट मुख्यालय पर सुबह 11 बजे जिला पंचायत अध्यक्ष पद के लिए मतदान शुरू हो गया। यहां उस वक्त गहमा गहमी शुरू हो गी जब कलेक्ट्रेट के पिछले गेट से जिला पंचायत सदस्य को प्रवेश दिया गया। इस दौरान बड़ा रामलीला मैदान में भाजपा व सपा पदाधिकारी समर्थकों के साथ इकट्ठा हो गए। दोनों पक्षों ने अपने प्रत्याशियों के पक्ष में नारेबाजी की। जिसक बाद भारी पुलिस बल को तैनात कर दिया गया।

  • हाथरस में समर्थकों के साथ पहुंचे उम्मीदवार 

हाथरस में कड़ी सुरक्षा के बीच जिला पंचायत अध्यक्ष पद के लिए मतदान करने के लिए मतदाता कलेक्ट्रेट में आए। पहले टूरिस्ट बस में सीमा उपाध्याय अपने समर्थक मतदाताओं के साथ पहुंचीं। उसके बाद गुड्डू चौधरी अपने समर्थक मतदाताओं के साथ पहुंचे।

  • औरैया में मतदान के लिए पहुंचे सदस्य

औरैया में सपा के 9 और भाजपा के 9 सदस्य वोट डालने के लिए क्लेक्टरेट पहुंचे। हालांकि अभी तक किसी ने भी मतदान नहीं किया है। प्रशासन ने दोनों दलों के सदस्यों को अलग-अलग कमरों में बिठाया है।

मतदान के दौरान विभिन्न जनपदों से समाजवादी पार्टी (सपा) और भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) कार्यकर्ताओं के बीच नोंकझोंक की सूचना है। इस बीच शनिवार को सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल हुआ है जिसमे चंदौली से सपा के पूर्व सांसद रामकिशुन यादव मतदाताओं (चुने हुये जिला पंचायत सदस्यों) के पैरों पर गिरते दिखाई दे रहे हैं। प्रदेश भाजपा के प्रवक्ता राकेश त्रिपाठी ने ट्विटर पर यह वीडियो साझा करते हुये लिखा है, ‘‘पिछले चुनाव में ''सिर पर पैर'' रखने वाले इस चुनाव में ''पैरों पर सिर'' रखकर गिड़गिड़ा रहे हैं। चंदौली में जिला पंचायत चुनाव के ठीक पहले शुक्रवार की रात चंदौली से सपा के पूर्व सांसद रामकिशुन यादव जिला पंचायत सदस्यों के पैरो में गिरते दिख रहे हैं।'' 

राज्य के चंदौली, हापुड़, सुलतानपुर, मिर्जापुर, रायबरेली, मथुरा, फिरोजाबाद, बिजनौर, हमीरपुर, मुजफ्फरनगर, सोनभद्र, बलिया, गाजीपुर, उन्नाव, हरदोई, कुशीनगर, मैनपुरी, प्रतापगढ़, कन्नौज, जालौन, महराजगंज, संतकबीरनगर, लखीमपुर, बदायूं, प्रयागराज, अमेठी, भदोही, बाराबंकी, फर्रुखाबाद, संभल, बस्ती, फतेहपुर, शामली, अलीगढ़, जौनपुर, कासगंज, आजमगढ़, सिद्धार्थनगर, एटा, अयोध्‍या, रामपुर, सीतापुर, औरैया, महोबा, फतेहपुर, कानपुर नगर, कानपुर देहात, आंबेडकरनगर, बरेली, कौशांबी, हाथरस, देवरिया और लखनऊ में शनिवार को जिला पंचायत अध्यक्ष पद के लिए मतदान हुआ। इससे पहले मंगलवार को उत्तर प्रदेश के 22 जिलों में जिला पंचायत अध्यक्ष निर्विरोध निर्वाचित घोषित किये गये हैं जिनमें इटावा जिले को छोड़कर 21 निर्वाचित अध्यक्ष सत्तारूढ़ भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के हैं। इटावा में समाजवादी पार्टी को जीत मिली है। 

राज्य निर्वाचन आयुक्त मनोज कुमार ने मंगलवार को बताया था कि प्रदेश के 22 जिलों सहारनपुर, बहराइच, इटावा, चित्रकूट, आगरा, गौतम बुद्ध नगर, मेरठ, गाजियाबाद, बुलंदशहर, अमरोहा, मुरादाबाद, ललितपुर, झांसी, बांदा, श्रावस्ती, बलरामपुर, गोंडा, गोरखपुर, मऊ, वाराणसी, पीलीभीत और शाहजहांपुर में जिला पंचायत के अध्यक्ष पद पर निर्विरोध निर्वाचन हुआ है। 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Tamanna Bhardwaj

Recommended News

Related News

static