By Election: गोला गोकर्णनाथ उपचुनाव के लिए मतदान कल, भाजपा व सपा में सीधा मुकाबला…निर्धारित बूथों पर पहुंची पोलिंग पार्टियां

punjabkesari.in Wednesday, Nov 02, 2022 - 11:09 PM (IST)

लखनऊ: उत्तर प्रदेश में लखीमपुर खीरी जिले की गोला गोकर्णनाथ विधानसभा सीट पर हो रहे उपचुनाव के लिये गुरुवार को मतदान होगा। भारत निर्वाचन आयोग ने निष्पक्ष, सुरक्षित एवं शांतिपूर्ण चुनाव कराने के लिए व्यापक इंतजाम किए हैं। यहां मुख्य मुकाबला भाजपा व सपा के बीच है। बुधवार को राजापुर मंडी से पोलिंग पार्टियां रवाना हुईं, जो शाम को निर्धारित पोलिंग बूथों पर पहुंच गईं। शाम को बूथों पर पहुंचने के बाद पीठासीन अधिकारियों ने सेक्टर मजिस्ट्रेट को सूचना दी।       

भाजपा विधायक अरविंद गिरि के निधन के कारण रिक्त हुयी सीट
उत्तर प्रदेश के मुख्य निर्वाचन अधिकारी कार्यालय की ओर से बुधवार को जारी बयान के अनुसार इस सीट पर उपचुनाव में सुबह 7 बजे से शाम 6 बजे तक मतदान होगा। मतदान संबंधी सभी तैयारियां पूरी कर ली गयी हैं। यह सीट भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के विधायक अरविंद गिरि के निधन के कारण रिक्त हुयी है। भाजपा ने इस सीट पर गिरि के पुत्र अमन गिरि को उम्मीदवार बनाया है।

कुल 7 प्रत्याशियों के भाग्य का होगा फैसला
मुख्य विपक्षी दल समाजवादी पार्टी (सपा) ने विनय तिवारी को चुनाव मैदान में उतारा है। सपा और भाजपा के अलावा इस सीट पर कुल 07 उम्मीदवार चुनाव मैदान में हैं। इनमें एक महिला प्रत्याशी भी शामिल है। इस सीट पर 3.91 लाख मतदाता कल अपने मताधिकार का प्रयोग कर सकेंगे। इनमें 2.06 लाख पुरुष और 1.85 लाख महिला मतदाताओं के अलावा 25 मतदाता तृतीय लिंग के हैं। अयोग के अनुसार मतदान को लेकर सभी तैयारियां पूरी कर ली गयी हैं। मतदान पर नजर रखने के लिये एक व्यय प्रेक्षक और एक सामान्य प्रेक्षक तैनात किये गये हैं। मतदान के लिये 222 मतदान केन्द्रों पर 441 मतदेय स्थल बनाये गये हैं।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Mamta Yadav

Recommended News

Related News

static