अखिलेश ने CM रहते कन्नौज में क्या किया था ? सब जानते है- ओमप्रकाश राजभर
punjabkesari.in Friday, Dec 02, 2022 - 07:36 PM (IST)

फर्रुखाबाद (दिलीप कटियार) : उत्तर प्रदेश में इन दिनों राजनीतिक पारा हाई है। मैनपुरी और रामपुर में इस समय उप चुनाव हो रहे हैं। मैनपुरी को सीधे सपा संस्थापक और संरक्षक मुलायम सिंह यादव से जोड़ दिया गया है। उनकी प्रतिष्ठा की यह सीट बना दी गई है। तो वहीं रामपुर में आजम खां को अपनी विरासत बचाने की चिंता है।
अखिलेश यादव सत्ता में थे तो कन्नौज में क्या हुआ
कुछ समय पहले तक सपा के सहयोगी के रूप में रहे सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी के अध्यक्ष ओम प्रकाश राजभर ने भी शुक्रवार को यूपी के उपचुनाव के बहाने सपा पर निशाना साधा ओम प्रकाश राजभर ने कहा कि सपा आरोप लगा रही है कि सरकार के लोग सपा को प्रचार नहीं करने दे रहा है। जब अखिलेश यादव सत्ता में थे तो कन्नौज में क्या हुआ सब जानते हैं। वहां लोगों के पर्चे वापस करवाए गए थे। कल आपने किया आज उनके साथ हो रहा है तो गलत क्या है। इसके साथ ही उन्होंने सपा सरकार के दौरान होने वाली गुंडागर्दी का मामला उठा दिया।
उपचुनाव सत्ता पक्ष का होता है
मैनपुरी लोकसभा उपचुनाव को लेकर ओम प्रकाश राजभर ने बड़ा दावा किया है। उन्होंने संकेत में चुनाव के रिजल्ट की भी बात कर दी। राजभर ने कहा कि उपचुनाव सत्ता पक्ष का होता है। राजभर ने कहा कि जिनके साथ अन्याय-अत्याचार हुआ है। वो लोग समाजवादी पार्टी को वोट देने को तैयार नहीं है। वहीं शिवपाल यादव पर कहा कि चाचा कब अलग रहे हैं ? विधानसभा के चुनाव में साथ रहे हैं। उन्होंने कहा कि देश में एक संविधान 1 शिक्षा लागू हो। सभी को फ्री इलाज फ्री शिक्षा मिले। जानवरो की जनगणना हो सकती है तो जातिवाद की जनगणना भी होनी चाहिए।
पूर्वांचल मे मैंने भाजपा को जीतने नहीं दिया
राजभर ने सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि उद्योगपतियों के कर्जा माफ हो जाते हैं गरीबों के क्यों नहीं ? गरीबों के घरेलू बिजली बिल माफ किए जाएं। इरफान सोलंकी के बयान पर कहा कि जब आजम खान और बरेली विधायक जेल में बंद थे तब चुनाव नहीं थे। उस वक्त अखिलेश यादव उनसे मिलने तक नहीं गए। हमारे साथ गठबंधन होने से पूर्वांचल में मैंने भाजपा को जीतने नहीं दिया। जब भाजपा के साथ था तो सपा के किसी भी प्रत्याशी को जीत नहीं मिली थी।