जब दो लड़कों की जोड़ी मिलती है तो कोई न कोई अनर्थ करने के लिए मिलती है: योगी

punjabkesari.in Sunday, May 19, 2024 - 07:34 PM (IST)

प्रयागराज: उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने रविवार को कहा कि इस चुनाव में दो धाराएं स्पष्ट हो चुकी हैं, एक रामभक्तों, राष्ट्र भक्तों, विकास की है तो दूसरी राम द्रोहियों, भारत विरोधियों, गरीब कल्याण विरोधियों की है जो आतंकवाद को पनपने देते हैं और देश के साथ गद्दारी करते हैं। फूलपुर लोकसभा सीट से भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) प्रत्याशी प्रवीण पटेल के समर्थन में बहरिया के सिकंदरा रउजा गांव में आयोजित जनसभा को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा, ‘‘जब भी कांग्रेस और समाजवादी पार्टी (सपा) का गठबंधन होता है, जब भी दो लड़कों की जोड़ी मिलती है तो कोई न कोई अनर्थ करने के लिए मिलती है।

जब कांग्रेस सत्ता में थी तो राम जन्मभूमि पर आतंकी हमला हुआ
 उन्होंने कहा, ‘‘जब सपा प्रदेश में और कांग्रेस केंद्र की सत्ता में थी तब अयोध्या में राम जन्मभूमि पर आतंकी हमला हुआ। काशी में संकट मोचन मंदिर पर आतंकी हमला हुआ। अखिलेश एक ओर राम भक्तों पर गोली चलाने का समर्थन करते हैं, दूसरी ओर आतंकियों पर दायर मुकदमों को भी वापस लेते हैं।'' फूलपुर के पड़िला महादेव में विपक्षी दलों के समूह ‘इंडिया' की संयुक्त रैली में भाषण दिए बगैर अखिलेश यादव और राहुल गांधी के वापस लौटने पर चुटकी लेते हुए मुख्यमंत्री ने कहा, “दो लड़कों की जोड़ी यहां से बैरंग लौटी है। यह जोड़ी यहां जोर आजमाइश करने आई थी, लेकिन फूलपुर की जनता ने उन्हें आसमान दिखा दिया है।''

गरीबों की जमीनों पर जो कब्जा कर रहे थे,वे अब मिट्टी में मिल गए हैं
सपा के एक नेता ने बताया कि मंच पर भारी भीड़ के चढ़ने की वजह से पार्टी अध्यक्ष अखिलेश यादव और कांग्रेस के वरिष्ठ नेता राहुल गांधी ने सभा को संबोधित नहीं किया और वे वापस चले गए। योगी आदित्यनाथ ने प्रदेश की पूर्ववर्ती सपा सरकार पर निशाना साधते हुए कहा, ‘‘इस पूरे प्रयागराज क्षेत्र में जिन लोगों ने वसूली के केंद्र खोले थे, गरीबों की जमीनों पर कब्जा कर रहे थे, बेटियों और व्यापारियों की सुरक्षा के लिए जो खतरा बने हुए थे, वे अब मिट्टी में मिल गए हैं।'' उन्होंने कहा, ‘‘इससे प्रदेश ही नहीं पूरा देश खुश है लेकिन सपा के यहां मातम है। उनको न आपकी और न प्रदेश की चिंता नहीं थी। उनको अपनी राजनीति की चिंता थी। सपा और कांग्रेस के लोग देश की कीमत पर राजनीति करना चाहते हैं।'

पहले गरीब का मकान सपा के गुंडें हड़प लेते थे
 मुख्यमंत्री ने कहा, ‘‘पहले गरीबों की कल्याणकारी योजनाएं ये माफिया डकार जाते थे और गरीब को राशन नहीं मिलता था। गरीब का मकान सपा के गुंडे हड़प लेते थे।'' मुख्यमंत्री ने केंद्र की योजनाओं का जिक्र करते हुए कहा कि आज 80 करोड़ लोगों को निःशुल्क राशन, 60 करोड़ लोगों को पांच लाख रुपये का स्वास्थ्य बीमा, 50 करोड़ लोगों के जनधन खाते और 12 करोड़ किसानों को किसान सम्मान निधि, 12 करोड़ गरीबों के घरों में शौचालय पहुंच गया है और चार करोड़ गरीबों के मकान बन गए हैं। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी जी ने भी कहा है कि 70 वर्ष से ऊपर का जो भी बुजुर्ग होगा, उसे हर वर्ष पांच लाख रुपये तक का उपचार निःशुल्क कराने के लिए कार्ड उपलब्ध कराया जाएगा। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा, “कांग्रेस और सपा का गठबंधन खतरनाक मंसूबे के साथ आया है। इनका घोषणापत्र कहता है कि इनके भीतर औरंगजेब की आत्मा आ चुकी है। वरासत टैक्स की घोषणा करके कांग्रेस ने साबित कर दिया है कि वह हिंदुओं को तबाह करना चाहती हैं। भाजपा इनकी कारिस्तानी पूरा नहीं होने देगी।'


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Ramkesh

Related News

static