पेट भरा हो तभी गरीब को दिखता है राष्ट्रवाद: ओमप्रकाश

punjabkesari.in Wednesday, Mar 13, 2019 - 06:24 PM (IST)

बलरामपुर: सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी (सुभासपा) के अध्यक्ष और उत्तर प्रदेश सरकार में कैबिनेट मंत्री ओमप्रकाश राजभर ने बुधवार को इशारों-इशारों में सहयोगी भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) पर तंज कसा। उन्होंने कहा कि गरीब को राष्ट्रवाद तभी दिखता है जब उसका पेट भरा हो। राजभर ने यहां कहा, ‘‘लोकसभा चुनाव में भाजपा राष्ट्रवाद पर दांव लगा रही है। यह मुद्दा कितना सफल होता है यह 23 मई को पता चलेगा। गरीबों का पेट भरा हो तभी उन्हें राष्ट्रवाद दिखता है।’’  

उन्होंने पत्रकारों के एक सवाल के जवाब में माना कि प्रियंका गांधी वाड्रा के सक्रिय राजनीति में आने से कांग्रेस के मतदाताओं में जोश है लेकिन साथ ही कहा कि वह उत्तर प्रदेश में मुकाबला नहीं कर सकेगी। राजभर ने कहा कि इस बार चुनाव में सभी पार्टियां अति पिछड़ों को लुभाने में लगी हैं। उन्होंने इसकी वजह यह बतायी कि प्रदेश में 38 फीसदी अति पिछड़े मतदाता हैं और वे ही सरकार बनवाते हैं।  

सुभासपा अध्यक्ष ने जिले के रेहरा बाजार क्षेत्र में राजभर समाज के एक परिवार के लोगों से भी मुलाकात की। इस परिवार के तीन लोगों की बीते दिनों हत्या हुयी थी। गौरतलब है कि अपने सहयोगी भाजपा और मुख्यमंत्री के खिलाफ राजभर लगातार बयानबाजी करते रहे हैं। बीते दिनों हालांकि राज्य सरकार ने उनकी पार्टी के छह लोगों को निगमों का अध्यक्ष बनाया है। 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Ruby

Related News

static