देवरिया में मेरठ जैसी वारदात! दुबई से लौटे पति को पत्नी ने पहले मारा, फिर प्रेमी के साथ शव दो टुकड़ों में काटा...सूटकेस में भरकर फेंका
punjabkesari.in Tuesday, Apr 22, 2025 - 01:48 AM (IST)

Deoria News: उत्तर प्रदेश के देवरिया में दुबई से लौटे पति की प्रेमी संग हत्या करने वाली महिला को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है जबकि प्रेमी और उसके दोस्त की तलाश की जा रही है। पुलिस अधीक्षक विक्रांत वीर ने सोमवार को यहाँ एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में बताया कि 20 अप्रैल की सुबह देवरिया जिले के तरकुलवा क्षेत्र के ग्राम पकड़ी छापर पठखौली में एक ट्राली बैग में एक 35 वर्षीय अज्ञात व्यक्ति का शव मिला था। उसी दिन फॉरेंसिक टीम, डाग स्क्वायड, सर्विलांस टीम ने घटना स्थल का निरीक्षण किया था। मृतक की पहचान नौशाद ग्राम भटौली थाना मईल जनपद देवरिया के रुप में हुई।
हालांकि, पत्नी ने एक गलती कर दी थी। उसने पति को उसी ट्रॉली बैग में भरा, जिसे वह दुबई से लेकर आया था। ट्रॉली बैग में एयरपोर्ट का बार कोड लगा था। उससे शव की पहचान नौशाद अहमद (38) पुत्र मन्नू अहमद के तौर पर हुई। पुलिस नौशाद के घर मईल थाना क्षेत्र के भटौली गांव पहुंची, तो पत्नी राजिया ने पति के लापता होने की कहानी सुनाई। वह खुद जोर-जोर से रोने लगी। लेकिन, जैसे ही पुलिस ने घर के अंदर तलाशी ली तो पूरी तस्वीर साफ हो गई। कई जगह खून के निशान मिले।
पुलिस ने राजिया को हिरासत में ले लिया। सख्ती की गई तो वह टूट गई। प्रेमी के साथ मिलकर पति की हत्या की बात कबूल कर ली। पत्नी ने बताया कि उसका भांजे रुमान के साथ संबंध है। पति उन दोनों के बीच बाधा बन रहा था। इसलिए भांजे के साथ मिलकर पति को मार डाला। आरोपी भांजा रुमान फरार है।