पत्नी ने खाना बनाने से किया मना तो सिरफिरे पति ने बच्चों के सामने कुल्हाड़ी से काट डाला

punjabkesari.in Friday, Sep 25, 2020 - 06:17 PM (IST)

जौनपुर: शाहगंज कोतवाली अंतर्गत मजडीहा गांव में गुरुवार की रात खाना बनाने से मना करने पर सिरफिरे पति ने कुल्हाड़ी से काट कर पत्नी को मौत के घाट उतार दिया। जब वो पत्नी को मौत के घाट उतार रहा था तो उसके 2 बच्चे भी वहीं मौजूद थे। वारदात को अंजाम देने के बाद वो खुद भी फंदे से झूलने जा रहा था, लेकिन दरवाजा तोड़ कर भीतर पहुंचे ग्रामीणों ने उसे पकड़ लिया। सूचना पर पहुंची पुलिस आरोपी को अपने साथ थाने ले गई। वहीं मौके से खून से सनी कुल्हाड़ी भी बरामद हो गई है।

साजिद खान की शादी 8 साल पहले आज़मगढ़ की फरीदा 28 से हुई थी। शादी के बाद से ही साजिद की बेरोजगारी को लेकर दोनों में अनबन रहती थी। इस वजह से फरीदा मायके ज्यादा रहा करती थी। दोनों की दो संतान पांच वर्षीय शिफा और 3 वर्षीय उबैद हैं। करीब 20 दिन पहले ही साजिद मान-मनव्वल कर फरीदा को घर लाया था। रात करीब दस बजे साजिद पत्नी से खाना बनाने को कहा। फरीदा ने बच्चों को सुलाने का हवाला देकर थोड़ा रूकने को कहा। इस पर साजिद आगबबूला हो गया। घर का दरवाजा भीतर से बंद कर उसने फरीदा को पीटने लगा। इसी बीच तैश में आकर पास रखी कुल्हाड़ी से उसने फरीदा पर कई वार कर दिए। हमले में फरीदा वहीं ढेर हो गई।

तब तक शोर सुन कर आसपास के लोग भी जुट गए। पड़ोसी दरवाजा पीटते रहे, लेकिन सफल नहीं हुए। किसी के कहने पर दरवाजा तोड़ा गया तो फर्श पर फरीदा की खून से सना शव पड़ा था। साजिद भी रस्सी के सहारे फंदा लगाने जा रहा था। तब तक गांव वालों ने साजिद को पकड़ लिया। किसी ने सूचना दी तो कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपित को गिरफ्तार कर लिया। घटना में प्रयुक्त कुल्हाड़ी भी मौके से बरामद कर ली। एएसपी सिटी डा. संजय कुमार ने बताया कि आरोपी ने खाना बनाने से मना करने पर पत्नी की हत्या की है। उसे गिरफ्तार कर लिया गया है।

 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Umakant yadav

Recommended News

Related News

static