नीले ड्रम का खौफ: पत्नी की धमकी से कांपा पति, खुद प्रेमी के साथ विदा कर बोला- ''अब तुम दोनों साथ रहो''

punjabkesari.in Thursday, Mar 19, 2026 - 11:41 AM (IST)

Bulandshahr News: उत्तर प्रदेश के बुलंदशहर जिले से एक ऐसी खबर सामने आई है जिसे सुनकर हर कोई दंग है। जहां एक पति अपनी ही पत्नी के खौफ और नीले ड्रम वाली धमकी से इतना डर गया कि उसने अपनी जीवनसंगिनी को खुद उसके प्रेमी के हवाले कर दिया। मेरठ के चर्चित हत्याकांड की याद दिलाने वाली इस धमकी ने पति के मन में ऐसा डर बैठाया कि उसने अपनी जान बचाना ही बेहतर समझा।

सोशल मीडिया पर शुरू हुई खूनी इश्क की कहानी
मामला बुलंदशहर के थाना कोतवाली देहात क्षेत्र का है। पीड़ित पति राजकुमार ने बताया कि उसकी पत्नी की दोस्ती सोशल मीडिया के जरिए एक युवक से हुई थी। धीरे-धीरे यह दोस्ती प्यार में बदल गई और दोनों छिप-छिपकर मिलने लगे। राजकुमार को इस बात का शक तब हुआ जब उसने पत्नी के मोबाइल में प्रेमी के साथ कुछ आपत्तिजनक तस्वीरें और वीडियो देख लिए।

'बीच में आए तो नीले ड्रम में भर दूंगी'
जब राजकुमार ने अपनी पत्नी को समझाने की कोशिश की और प्रेमी से दूर रहने को कहा, तो पत्नी ने उसे सुधारने के बजाय खौफनाक धमकी दे डाली। पत्नी ने साफ कह दिया कि वह अपने प्रेमी के बिना नहीं रह सकती। उसने राजकुमार को चेतावनी दी कि अगर वह उनके बीच में आया, तो उसका अंजाम भी मेरठ की मुस्कान जैसा होगा। उसे मारकर नीले ड्रम में भर दिया जाएगा। पिछले साल मेरठ में हुए उस चर्चित हत्याकांड के जिक्र ने राजकुमार को अंदर तक हिलाकर रख दिया।

थाने में हुआ अजीबोगरीब समझौता
पत्नी की लगातार धमकियों और जान के खतरे को देखते हुए मामला थाने तक जा पहुंचा। पुलिस के सामने भी पत्नी अपने प्रेमी के साथ जाने की जिद पर अड़ी रही। आखिर में मजबूर और डरे हुए राजकुमार ने हाथ खड़े कर दिए। उसने थाने में ही अपनी पत्नी और उसके प्रेमी को साथ रहने की इजाजत दे दी और भारी मन से कहा कि अब तुम दोनों साथ रहो, मुझे कोई समस्या नहीं है।

इलाके में चर्चा का विषय बनी घटना
पुलिस ने दोनों पक्षों की बात सुनने के बाद लिखित समझौता कराया और महिला अपने प्रेमी के साथ चली गई। हालांकि, समाज में इस बात की जमकर चर्चा हो रही है कि कैसे एक अपराधी की तरह दी गई धमकी ने एक वैवाहिक रिश्ते का अंत कर दिया। नीले ड्रम का खौफ आज भी लोगों के जेहन में किस कदर हावी है, यह घटना उसका जीता-जागता सबूत है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Anil Kapoor

Related News

static