घोसी उपचुनाव में ‘इंडिया'' गठबंधन की जीत के साथ ही NDA में शुरू हो जाएगा बिखराव: JDU
punjabkesari.in Thursday, Sep 07, 2023 - 05:55 PM (IST)

Ballia News: जनता दल यूनाइटेड (JDU) की उत्तर प्रदेश इकाई के उपाध्यक्ष अवलेश सिंह ने दावा किया कि घोसी उपचुनाव का परिणाम आते ही भाजपा नीत राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (NDA) से जुड़ी पार्टियों के टूटकर विपक्षी गठबंधन ‘इंडिया' से जुड़ने सिलसिला शुरू हो जाएगा।
अवलेश सिंह ने जिला मुख्यालय पर संवाददाताओं से बातचीत में दावा किया कि घोसी विधानसभा उपचुनाव में समाजवादी पार्टी और ‘इंडिया' गठबंधन की जीत होगी। उन्होंने कहा कि इस उपचुनाव से भाजपा की विदाई का बिगुल बज चुका है और 2024 में सत्ता परिवर्तन होने जा रहा है। सिंह ने दावा किया कि घोसी उपचुनाव का नतीजा आते ही NDA के घटक दलों का टूट कर ‘इंडिया' में शामिल होने का सिलसिला शुरू हो जाएगा।
उन्होंने यह भी दावा किया कि 2024 में केंद्र में ‘इंडिया' गठबंधन की सरकार बनते ही उत्तर प्रदेश में भी सत्ता परिवर्तन होगा। क्योंकि राज्य के सैकड़ों विधायक विपक्षी गठबंधन के सम्पर्क में हैं। JDU के प्रदेश उपाध्यक्ष ने कहा कि अगले लोकसभा चुनाव की अधिसूचना जारी होने पर समूचा विपक्ष एकजुट होगा। फिलहाल जो गैर-NDA दल ‘इंडिया' से अलग हैं, वो भी चुनावी अधिसूचना जारी होने के बाद विपक्षी गठबंधन के साथ आ जाएंगे।