गोंडा में प्रेमी संग रहने के लिए महिला का हाईवोल्टेज ड्रामा, दो बच्चों संग 150 फीट टावर पर चढ़ी, 9 घंटे चला रेस्क्यू ऑपरेशन
punjabkesari.in Friday, Jul 03, 2026 - 07:48 PM (IST)
गोंडा : गोंडा जिले में शुक्रवार को अपने कथित प्रेमी के साथ रहने की जिद करते हुए एक महिला अपने दो बच्चों के साथ रेलवे स्टेशन परिसर में एक संचार टावर पर चढ़ गई तथा उसे नौ घंटे की कड़ी मशक़्क़त के बाद सुरक्षित नीचे उतारा गया। पुलिस ने यह जानकारी दी। नगर कोतवाली के प्रभारी निरीक्षक (एसएचओ) विंदेश्वरी मणि त्रिपाठी ने बताया कि तरबगंज थाना क्षेत्र के तिवारी बाजार पथार गांव की गीता देवी अपने दो बच्चों के साथ करीब 150 फुट ऊंचे संचार टावर पर चढ़ गई और अपने कथित प्रेमी राम अकबाल सिंह के साथ रहने की मांग करने लगी।
एसएचओ ने बताया कि महिला का आरोप है कि उसके पति राम लखन ने उसे छोड़ दिया है तथा उसका कथित प्रेमी भी अब उसके साथ नहीं रह रहा है और न ही उसके भरण-पोषण के लिए कोई आर्थिक सहायता दे रहा है। त्रिपाठी के अनुसार महिला के टावर पर चढ़ने की सूचना मिलते ही नगर कोतवाली पुलिस, राजकीय रेलवे पुलिस तथा रेलवे सुरक्षा बल के अधिकारी मौके पर पहुंचे तथा उसे समझा-बुझाकर नीचे उतारने का प्रयास शुरू किया लेकिन वह नीचे उतरने को तैयार नहीं हुई। एसएचओ ने बताया कि महिला ने 26 मार्च, 2026 को राम अकबाल सिंह के खिलाफ शारीरिक शोषण का आरोप लगाते हुए मुकदमा दर्ज कराया था, इसके बावजूद वह उसी के साथ रहने की जिद कर रही है।
रेलवे सुरक्षा बल के प्रभारी निरीक्षक अनिरुद्ध कुमार ने बताया कि महिला अपने दोनों बच्चों के साथ टावर पर बैठी थी तथा करीब नौ घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद उसे बच्चों के साथ सुरक्षित नीचे उतारा गया। इससे पहले बीते जून में भी यह महिला जिला मुख्यालय स्थित एक जनप्रतिनिधि के महाविद्यालय परिसर में लगे संचार टावर पर चढ़ गई थी। उस समय करीब छह घंटे की मशक्कत के बाद पुलिस ने उसे सकुशल नीचे उतार लिया था।

