मुरादाबाद में महिला की गला काटकर हत्या...30 मीटर दूर मिला सिर, एक बच्चे का भी शव बरामद

punjabkesari.in Friday, Oct 18, 2024 - 11:40 AM (IST)

Moradabad News: उत्तर प्रदेश के मुरादाबाद से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। यहां पर गांव के जंगल में एक महिला की गला काटकर हत्या कर दी गई और उसका सिर 30 मीटर की दूरी पर फेंक दिया। गांव के कुछ लोगों ने रामगंगा नदी किनारे झाड़ियों में सिर कटा शव पड़ा देखा तो इलाके में सनसनी फैल गई। इसकी जानकारी पुलिस को दी गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच कर 30 मीटर की दूरी पर महिला का सिर बरामद किया। इसी बीच पुलिस को एक बच्चे का भी शव मिला। इसके बाद पुलिस ने पूछताछ करनी शुरू कर दी।

जानिए क्या है पूरा मामला
जानकारी के मुताबिक, यह घटना मुरादाबाद के कटघर थाना क्षेत्र के देवापुर गांव के जंगल की है। गांव के लोग बृहस्पतिवार को खेत में काम कर रहे थे। इसी दौरान हवा चलने पर अचानक उन्हें दुर्गंध आने लगी। उन्होंने रामगंगा नदी किनारे जाकर देखा तो झाड़ियों में एक महिला का शव पड़ा था, लेकिन उसका सिर गायब था। यह देखकर ग्रामीणों के होश उड़ गए। उन्होंने इसकी जानकारी पुलिस को दी। एसपी सिटी कुमार रणविजय सिंह और सीओ कटघर आशीष प्रताप सिंह मौके पर पहुंच गए और उन्होंने फोरेंसिक टीम व एसओजी को भी मौके पर बुला लिया। टीमों ने आसपास सर्च ऑपरेशन चलाया। तभी पुलिस को 30 मीटर की दूरी पर महिला का सिर पड़ा मिला। इसके बाद पुलिस जांच कर रही थी तो कल्याणपुर बाईपास पुल के पास रामगंगा में करीब सात साल के बच्चे का शव पड़ा मिल गया। दोनों शवों के मिलने पर गांव के लोगों में दहशत का माहौल है।

शवों की पहचान करने में जुटी पुलिस
महिला और बच्चे के शवों को बरामद कर पुलिस ने जांच शुरू की। पुलिस ने दोनों शवों की पहचान कराने की कोशिश की। यह जांच की जा रही है कि कही महिला और बच्चे का कोई संबंध तो नहीं। पुलिस ने गांव के लोगों से पूछताछ की, लेकिन सफलता नहीं मिल पाई। पुलिस ने बताया कि महिला की उम्र करीब 30 से 35 साल होगी। शव आठ से 10 दिन पुराना लग रहा है। जबकि बच्चे का शव दो से तीन दिन पुराना लग रहा है। दोनों की पहचान कराने का प्रयास किया जा रहा है। लेकिन अभी तक पहचान नहीं हो पाई। फिलहाल, पुलिस आगे की कार्रवाई कर रही है। 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Pooja Gill

Related News

static