योगी सरकार सर्वांगीण विकास के साथ-साथ धर्म के प्रति पूर्ण रूप से आस्थावान व समर्पित, बोले- सूर्य प्रताप शाही

punjabkesari.in Sunday, Nov 06, 2022 - 10:22 PM (IST)

देवरिया: उत्‍तर प्रदेश सरकार के कृषि मंत्री सूर्य प्रताप शाही ने रविवार को कहा कि प्रदेश सरकार सर्वांगीण विकास के साथ-साथ धर्म के प्रति भी पूर्ण रूप से आस्थावान एवं समर्पित है। जिला मुख्यालय से करीब 37 किलोमीटर दूर अपने निर्वाचन क्षेत्र पथरदेवा विधानसभा क्षेत्र में करीब 400 वर्ष पूर्व स्थापित भगवान चतुर्भुज महाराज मंदिर पर भव्य धार्मिक अनुष्ठान एवं पकहागढ़ महोत्सव में शामिल होने के बाद शाही ने यह संदेश दिया कि प्रदेश सरकार सर्वांगीण विकास के साथ-साथ धर्म के प्रति भी पूर्ण रूप से आस्थावान एवं समर्पित है।

चतुर्भुज महाराज का मंदिर लोगों की आस्था का प्रतीक
इस अवसर पर उन्होंने कहा कि उनका परिवार कई पीढ़ियों से भगवान चतुर्भुज महाराज की पूजा अर्चना करता चला आ रहा है और मान्यता के अनुसार जो भी व्यक्ति सच्चे मन से जो कुछ भी मांगता है उसकी मन्नत जरूर पूरी होती है। पड़ोसी बिहार राज्य की सीमा पर स्थित बघौचघाट थाना अंतर्गत पकहां गांव के समीप प्रवाहित हो रही खनुआ नदी के तट पर स्‍थापित ऐतिहासिक श्री चतुर्भुज महाराज का मंदिर आसपास के लोगों की आस्था का प्रतीक है। पकहा के ग्राम प्रधान मुरारी शाही ने बताया कि यहां पर भगवान चतुर्भुज महाराज की मूर्ति विराजमान है और बिहार एवं उत्तर प्रदेश के आसपास के लाखों लोगों की पूरी आस्था तथा विश्वास इस मंदिर एवं भगवान के प्रति है।

केंद्र सरकार ने मंदिर के सुंदरीकरण के प्रति अपने किए गए वादे को निभाया
उन्होंने बताया कि इसे पर्यटन के रूप में विकसित करने के इरादे से प्रदेश और केंद्र सरकार ने मंदिर के सुंदरीकरण के प्रति अपने किए गए वादे को निभाया है। ग्राम प्रधान ने बताया कि नदी के तट पर बहुत ही सुंदर तरीके से सीढ़ियों वाले घाट की स्थापना की गयी है और आज रविवार के दिन गंगा आरती का आयोजन हुआ है। साथ ही देवरिया के जिला मुख्यालय पर स्थित बालाजी मंदिर के प्रमुख पुजारी द्वारा भजन कीर्तन एवं प्रवचन की शुरुआत की गयी है। यहां पर सांस्कृतिक कार्यक्रमों का भी आयोजन किया गया है।  


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Mamta Yadav

Recommended News

Related News

static