फेमस YouTuber की बेरहमी से हत्या, साले ने ही दोस्तों संग खंजर से काट डाला, घर में घुसकर वारदात को दिया अंजाम
punjabkesari.in Monday, Jun 15, 2026 - 06:32 PM (IST)
YouTuber Masood Chandi: तेलंगाना की राजधानी हैदराबाद में एक सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर की हत्या ने सनसनी फैला दी है। गोलकोंडा इलाके में रहने वाले 25 वर्षीय यूट्यूबर और इलेक्ट्रिशियन शेख महबूब, जिन्हें सोशल मीडिया पर ‘चांदी मसूद’ के नाम से जाना जाता था, की उनके घर में घुसकर हत्या कर दी गई। पुलिस ने इस मामले में मृतक के साले और उसके दो साथियों को मुख्य आरोपी बताया है।
घर में घुसकर किया गया हमला
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, घटना शुक्रवार दोपहर करीब साढ़े तीन बजे की है। आरोप है कि महबूब की पत्नी का भाई शेख सोहैल अपने दो साथियों अफू और जाबिर के साथ उनके घर पहुंचा। इसके बाद तीनों ने धारदार हथियार और लोहे की रॉड से महबूब पर हमला कर दिया। हमला इतना गंभीर था कि महबूब ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया। वारदात के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए।
घरेलू विवाद को माना जा रहा वजह
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि महबूब ने करीब डेढ़ वर्ष पहले प्रेम विवाह किया था। दंपति का एक छह महीने का बच्चा भी है। हाल के दिनों में पारिवारिक मतभेदों के चलते उनकी पत्नी और बच्चा मायके में रह रहे थे।
पुलिस का मानना है कि इसी विवाद को लेकर मृतक और उसके साले के बीच तनाव बढ़ गया था। जांच एजेंसियां इसी एंगल को हत्या की संभावित वजह मानकर पड़ताल कर रही हैं।
मां की शिकायत पर दर्ज हुआ हत्या का मामला
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और फोरेंसिक टीम मौके पर पहुंची। घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए गए और शव को पोस्टमार्टम के लिए उस्मानिया जनरल अस्पताल भेज दिया गया। मृतक की मां शाहीन की शिकायत के आधार पर पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 103(1) के तहत हत्या का मामला दर्ज किया है।
आरोपियों की तलाश में तीन टीमें गठित
पुलिस उपायुक्त कृष्णा गौड़ ने बताया कि आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए विशेष टीमें बनाई गई हैं। पुलिस विभिन्न स्थानों पर छापेमारी कर रही है और जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार करने का दावा कर रही है। अधिकारियों के मुताबिक, मामले की जांच जारी है और पूछताछ व साक्ष्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

