जीरो पर आउट होगा SP-BSP गठबंधन: मौर्य

punjabkesari.in Friday, Apr 12, 2019 - 03:31 PM (IST)

बदायूं: उत्तर प्रदेश के श्रम एवं सेवायोजन मंत्री स्वामी प्रसाद मौर्य ने दावा किया कि लोकसभा चुनाव में राजनीतिक स्वार्थ की खातिर बना सपा बसपा गठबंधन मोदी सुनामी में नेस्तनाबूद हो जाएगा। बदायूं लोकसभा क्षेत्र से भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) प्रत्याशी संघमित्रा मौर्या के पिता ने विशेष बातचीत में कहा कि आज बहुजन समाज की पूरी की पूरी फौज स्वामी प्रसाद के साथ है। वामसेफ जो बसपा की रीढ़ कही जाती है उसके सभी साथी कंधे से कंधा मिलाकर हमारे साथ जुड़े हुए हैं।

एक जमाने में बसपा अध्यक्ष मायावती के अत्यंत करीबी माने जाने वाले स्वामी प्रसाद ने उन्हीं पर हमलावर होते हुए कहा कि बहन जी बाबा साहब के बनाए हुए संविधान की धज्जियां उड़ाती है ,वो वोटों को बेचती है। मैंने मिशन के लिए काम किया था। कांशीराम जी के सामाजिक परिवर्तन आंदोलन से पैदा हुआ नेता हूं,इसीलिए आज भी जो भी बहुजन की फौज है वो स्वामी प्रसाद के साथ है।

उन्होंने कहा कि बसपा प्रमुख आज अपने आपको असहाय,कमजोर और मजबूर नेता मानती है इसलिए अखिलेश की वैशाखी का सहारा लिया है। मायावती और अखिलेश यादव का गठबंधन जीरो पर आउट होगा। बसपा कार्यकर्ता हो या सपा कार्यकर्ता हो ,उनके गले से नीचे ये गठबंधन नही उतर रहा है ।

भीम आर्मी के कांग्रेस को समर्थन देने की बात पर स्वामी प्रसाद ने कहा कि चंद्रशेखर अभी नौजवान है,ऊर्जावान है, अच्छी सोच रखता है और संघर्ष की क्षमता भी है। वो जानता है कि मायावती को इस प्रकार के प्रतिभाशाली नौजवान की जरूरत नही है। उनको थैली चाहिए ,जो मनचाहा 10 करोड़ 15 करोड़ दे सके लेकिन थैली के मामले में दलित और पिछड़ा बहुत कमजोर है। इसीलिए थैली जहां मापदंड होगी ये वर्ग वहां नहीं रहेगा।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Anil Kapoor

Recommended News

Related News

static