दहेज की बलि चढ़ी नवविवाहिता, फंदे से लटक कर दी जान, पति गिरफ्तार

punjabkesari.in Tuesday, May 05, 2026 - 07:21 PM (IST)

बलिया: उत्तर प्रदेश के बलिया जिले के हल्दी थाना क्षेत्र में दहेज के लिये हुयी नवविवाहिता की हत्या के आरोप में पुलिस ने उसके पति को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। पीड़िता और आरोपी की शादी पांच महीने पहले ही हुयी थी। पुलिस ने इसकी जानकारी दी।

पुलिस के अनुसार, जिले के कठही गांव में रविवार दोपहर नवविवाहिता डाली (23) का शव उसके ससुराल के एक कमरे में साड़ी के फंदे से लटका हुआ मिला। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मरने वाले के परिजनों ने आरोप लगाया कि शादी में पर्याप्त दहेज दिए जाने के बावजूद अतिरिक्त मांग को लेकर उसे लगातार प्रताड़ित किया जा रहा था।

परिजनों का कहना है कि इसी विवाद के चलते उसकी मौत हुई है, हालांकि पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है। इस संबंध में मृत महिला के दादा लालजी यादव की तहरीर पर पुलिस ने उसके पति सत्येंद्र यादव, सास सुशीला देवी, ससुर सुग्रीव यादव, जेठ पिंटू यादव व पप्पू यादव तथा ननद रिंकू यादव सहित कुल आठ लोगों के खिलाफ नामजद मुकदमा दर्ज किया है।

पुलिस अधीक्षक ओमवीर सिंह ने मंगलवार को बताया कि मामले में नामजद आरोपी पति सत्येंद्र यादव को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। अन्य आरोपियों की तलाश जारी है तथा मामले की जांच की जा रही है। 
 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Ramkesh

Related News

static