माफिया अतीक के करीबी पर कड़ा एक्शन: प्रयागराज में बिल्डर जेपी दुबे की 25 करोड़ रुपए की संपत्ति कुर्क

punjabkesari.in Wednesday, Aug 19, 2026 - 07:16 AM (IST)

Prayagraj News: माफिया अतीक अहमद के करीबियों और उनसे शह पाए भूमाफियाओं पर प्रयागराज पुलिस प्रशासन का चाबुक एक बार फिर चला है। कमिश्नरेट पुलिस ने कार्रवाई करते हुए अतीक के करीबी बिल्डर जेपी दुबे उर्फ जय प्रकाश दुबे की लगभग 25 करोड़ रुपए की बेनामी संपत्ति को कुर्क कर लिया है। यह कार्रवाई यूपी गैंगस्टर एक्ट की धारा 14(1) के तहत अमल में लाई गई है।

सूत्रों से मिली जानकारी के मुताबिक, पुलिस और प्रशासनिक टीम ने पीपल गांव, रहीमाबाद और कटौला गौसपुर इलाके में स्थित अतीक के इस करीबी की बेशकीमती जमीनों को अपने कब्जे में लिया। मौके पर बकायदा ढोल-नगाड़े बजवाकर मुनादी कराई गई और जमीनों पर सरकारी कुर्की के बोर्ड चस्पा कर दिए गए।

ये भी पढ़ें:- पिता ने बड़ी बेटी के हाथ पीले करने के रखे थे 4 लाख, छोटी को भगा ले गया पड़ोसी युवक... जानें पूरा मामला

पुलिस की जांच में सामने आया है कि जेपी दुबे लंबे समय से माफिया अतीक अहमद के संरक्षण में रहकर अवैध रूप से दूसरों की जमीनों पर कब्जे करता था। इसके बाद वह इन जमीनों की अवैध प्लॉटिंग कर लोगों को बेचता और करोड़ों रुपए की काली कमाई खड़ी करता था। हाल ही में जमीन के एक विवाद के दौरान जेपी दुबे पर एक व्यक्ति पर जानलेवा हमला करने का आरोप लगा था, जिसके बाद पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था। जेल जाने के बाद जब उसकी काली कमाई और संपत्तियों का ब्योरा खंगाला गया, तो 25 करोड़ रुपए की अवैध प्रॉपर्टी का खुलासा हुआ।

बताया जा रहा है कि धूमनगंज और आसपास के थानों में जेपी दुबे के खिलाफ रंगदारी, जानलेवा हमला और फर्जीवाड़े जैसे कुल 8 गंभीर आपराधिक मामले दर्ज हैं। लगातार मिल रही शिकायतों के आधार पर हाल ही में उसके खिलाफ गैंगस्टर एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया था। यह पूरी कार्रवाई एसडीएम सदर अंकित वर्मा और एसीपी धूमनगंज रवि गुप्ता की देखरेख में भारी पुलिस बल के साथ पूरी की गई। मौके पर मौजूद अधिकारियों ने साफ चेतावनी दी है कि अतीक गैंग से जुड़े किसी भी मददगार और संगठित अपराध के जरिए करोड़ों की जायदाद बनाने वालों को बख्शा नहीं जाएगा। भूमाफियाओं के खिलाफ यह अभियान आगे भी इसी तरह जारी रहेगा।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Anil Kapoor

Related News

static