हेलमेट का चालान बना ''करंट''! नाराज लाइनमैन ने बदले में पुलिस चौकी की ही काट दी बिजली, कामकाज ठप
punjabkesari.in Sunday, Feb 01, 2026 - 11:42 AM (IST)
Shamli News: उत्तर प्रदेश के शामली जिले में एक अनोखा मामला सामने आया है। जहां ट्रैफिक चालान से नाराज एक बिजली विभाग के कर्मचारी ने गुस्से में पुलिस चौकी की ही बिजली सप्लाई काट दी। घटना झिंझाना क्षेत्र की बताई जा रही है, जिससे कुछ समय के लिए चौकी का पूरा कामकाज ठप हो गया।
क्या है पूरा मामला?
जानकारी के अनुसार, विद्युत विभाग में तैनात लाइनमैन आशु किसी सरकारी काम से बाइक पर जा रहे थे। उसी दौरान इलाके में पुलिस की चेकिंग चल रही थी। हेलमेट न पहनने पर पुलिस ने उनका चालान काट दिया। आरोप है कि उसी दिन आने-जाने के दौरान उनका दो बार चालान किया गया, जिससे वह नाराज हो गए।
गुस्से में उठाया बड़ा कदम
बताया जा रहा है कि शुक्रवार को लाइनमैन आशु अपने कुछ साथियों के साथ बिड़ल पुलिस चौकी पहुंचे। वहां उन्होंने चौकी को दी जा रही बिजली सप्लाई काट दी। अचानक बिजली गुल होते ही चौकी में हड़कंप मच गया।
- कंप्यूटर बंद हो गए
- लाइट चली गई
- सरकारी काम प्रभावित हुआ
कुछ समय के लिए पुलिसकर्मियों को अंधेरे में काम करना पड़ा।
चौकी का कनेक्शन ही था अस्थाई
चौकी प्रभारी योगेंद्र सिंह ने बताया कि चौकी पर बिजली का कोई स्थायी और अधिकृत कनेक्शन नहीं था। अस्थायी व्यवस्था के जरिए बिजली ली जा रही थी। लाइनमैन ने इसी कनेक्शन को काट दिया।
वरिष्ठ अधिकारियों ने क्या कहा?
इस मामले पर एएसपी सुमित शुक्ला ने कहा कि अगर पुलिस चौकी में बिना वैध अनुमति के बिजली इस्तेमाल हो रही थी, तो यह नियमों के खिलाफ है। अब चौकी के लिए विधिवत बिजली कनेक्शन लेने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।
इलाके में चर्चा का विषय बना मामला
इस घटना ने स्थानीय स्तर पर चर्चा छेड़ दी है। एक तरफ ट्रैफिक नियम तोड़ने पर चालान हुआ, तो दूसरी ओर पुलिस चौकी खुद नियमों के पालन में पीछे नजर आई।

