रोजाना की तरह साइकिल से पहुंचे थे ड्यूटी, फिर रॉयल गेट के पास जो हुआ... Taj Mahal परिसर में मची चीख-पुकार

punjabkesari.in Wednesday, Aug 05, 2026 - 07:26 AM (IST)

Agra News: विश्वप्रसिद्ध स्मारक ताजमहल परिसर में सुबह एक दुखद हादसा हो गया। जहां सुरक्षा और रखरखाव की जिम्मेदारी संभाल रहे भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण (ASI) के एक कर्मचारी की ड्यूटी के दौरान अचानक तबीयत बिगड़ने से मौत हो गई। प्राप्त जानकारी के मुताबिक, मृतक कर्मचारी की पहचान 56 वर्षीय कैलाशी के रूप में हुई है, जो आगरा के सिकंदरा थाना क्षेत्र अंतर्गत राधानगर का रहने वाला था। मंगलवार सुबह वह रोजाना की तरह अपनी साइकिल से ताजमहल पर अपनी ड्यूटी के लिए पहुंचा था।

संरक्षण सहायक (संरक्षण अधिकारी) कलन्दर बिंद ने घटना की जानकारी देते हुए बताया कि सुबह के समय कैलाशी पश्चिमी गेट के अंदर रॉयल गेट (शाही दरवाजे) के पास मुस्तैद थे। इसी दौरान अचानक उनकी तबीयत बिगड़ी और वह गश्त करते-करते वहीं जमीन पर गिर पड़ा। उन्हें अचानक गिरता देख आसपास मौजूद अन्य कर्मचारियों में हड़कंप मच गया।

ये भी पढ़ें:- क्लास में हेडमास्टर की लगी झपकी, बच्चों के हाथ में आया मोबाइल... सरकारी स्कूल का Video Viral, मचा हड़कंप

सहकर्मियों ने बिना कोई देरी किए तुरंत एंबुलेंस को सूचना दी और उन्हें उपचार के लिए पास के ही शांति मांगलिक अस्पताल ले गए। हालांकि, अस्पताल पहुंचते ही डॉक्टरों ने परीक्षण के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। डॉक्टरों की इस घोषणा से साथ काम करने वाले कर्मचारियों और परिजनों में शोक की लहर दौड़ गई।

एएसआई अधिकारी कलन्दर बिंद का कहना है कि मौत के सटीक कारणों का अभी पता नहीं चल सका है। शव का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है, जिसकी रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट हो पाएगा कि कैलाशी को दिल का दौरा पड़ा था या मौत की वजह कोई अन्य स्वास्थ्य संबंधी समस्या थी।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Anil Kapoor

Related News

static