कुत्ते की हत्या कर बहादुर बन रहे थे युवक, पुलिस ने पकड़ा तो पकड़ने लगे कान; बांदा में पशु क्रूरता पर बड़ी कार्रवाई

punjabkesari.in Thursday, Feb 26, 2026 - 02:24 PM (IST)

Banda News: उत्तर प्रदेश के बांदा जिले से पशु क्रूरता की एक ऐसी तस्वीर सामने आई है जिसे देखकर सोशल मीडिया पर लोगों का गुस्सा फूट पड़ा। शहर कोतवाली क्षेत्र में दो युवकों ने एक बेजुबान कुत्ते पर सिर्फ इसलिए जानलेवा हमला कर दिया क्योंकि वह उन पर भौंक रहा था। लाठी-डंडों से हुई इस बर्बरता में बेगुनाह जानवर ने मौके पर ही दम तोड़ दिया।

वायरल वीडियो ने खोला जुल्म का राज
यह घटना 23 फरवरी 2026 की बताई जा रही है। सोशल मीडिया पर वायरल हुए एक वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि दो युवक एक कुत्ते को घेरकर उस पर लाठियां बरसा रहे हैं। कुत्ता अपनी जान बचाने के लिए तड़पता रहा, लेकिन पत्थर दिल आरोपियों का दिल नहीं पसीजा। वीडियो के वायरल होते ही बांदा पुलिस ने मामले का स्वतः संज्ञान लिया और फुटेज के आधार पर जांच शुरू की।

गिरफ्तारी के बाद गिड़गिड़ाए आरोपी
पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दोनों आरोपियों की पहचान की और उन्हें हिरासत में ले लिया। पुलिस स्टेशन पहुँचते ही जो युवक वीडियो में बहादुरी दिखा रहे थे, उनके तेवर ढीले पड़ गए। दोनों आरोपी पुलिस के सामने कान पकड़कर माफी मांगने लगे और भविष्य में ऐसी गलती न करने की कसम खाई। आरोपियों ने दावा किया कि कुत्ते ने उन पर हमला करने की कोशिश की थी, इसलिए उन्होंने उसे मारा। हालांकि, पुलिस ने इस दलील को खारिज करते हुए कहा कि कानून हाथ में लेना और किसी बेजुबान की जान लेना अक्षम्य अपराध है।

सीधे सलाखों के पीछे, सख्त कार्रवाई का संदेश
बांदा पुलिस ने पशु क्रूरता अधिनियम और संबंधित धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज कर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। उन्हें न्यायालय में पेश किया गया, जहाँ से कोर्ट ने उन्हें जेल भेज दिया है। पुलिस अधिकारियों ने स्पष्ट संदेश दिया है कि पशुओं के साथ क्रूरता करने वालों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Anil Kapoor

Related News

static