भाजपा प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी ने CM योगी से की मुलाकात, जानिए किस  मुद्दों पर हुई चर्चा

punjabkesari.in Tuesday, Dec 30, 2025 - 07:59 PM (IST)

लखनऊ: भाजपा प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से शिष्टाचार मुलाकात की। यह मुलाकात मुख्यमंत्री आवास, पांच कालिदास मार्ग पर हुई, जहां संगठन और सरकार से जुड़े विभिन्न अहम विषयों पर विस्तार से चर्चा की गई। इस दौरान प्रदेश में चल रही राजनीतिक गतिविधियों, संगठनात्मक मजबूती और सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं के क्रियान्वयन को लेकर विचार-विमर्श हुआ।

सूत्रों के अनुसार, बैठक में आगामी राजनीतिक कार्यक्रमों, संगठन के विस्तार और बूथ स्तर पर पार्टी को और सशक्त करने की रणनीति पर भी बातचीत की गई। इसके साथ ही प्रदेश सरकार द्वारा चलाई जा रही विकास योजनाओं और जनहित के कार्यों की समीक्षा भी हुई, ताकि उनका लाभ अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाया जा सके।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने संगठनात्मक समन्वय को और मजबूत करने पर जोर दिया और कहा कि सरकार और संगठन का बेहतर तालमेल ही जनविश्वास को और सुदृढ़ करेगा। वहीं भाजपा प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी ने संगठन की गतिविधियों की जानकारी देते हुए कार्यकर्ताओं के सुझाव भी मुख्यमंत्री के समक्ष रखे। यह मुलाकात ऐसे समय में हुई है, जब प्रदेश में राजनीतिक हलचल तेज है और आगामी चुनावों को लेकर सभी दल सक्रिय हैं। ऐसे में मुख्यमंत्री और प्रदेश अध्यक्ष की यह बैठक महत्वपूर्ण मानी जा रही है।

 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Ramkesh

Related News

static