AI समिट में यूथ कांग्रेस के प्रदर्शन पर भड़के CM Yog, भारत मंडपम घटना को विधानसभा में बताया निंदनीय, कहा- पूरे देश को शर्मसार किया
punjabkesari.in Friday, Feb 20, 2026 - 07:34 PM (IST)
लखनऊ : उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने विधानसभा में शुक्रवार को बजट सत्र के समापन पर सदन को संबोधित करते हुए कहा कि भारत मंडपम में युवा कांग्रेस ने जो भी करने का प्रयास किया उसकी जितनी निंदा की जाए कम है। युवा कांग्रेस के कार्यकर्ताओं ने शुक्रवार को नयी दिल्ली स्थित भारत मंडपम में 'एआई इम्पैक्ट समिट' के दौरान एक प्रदर्शनी हॉल में पहुंचकर अमेरिका के साथ व्यापार समझौते को लेकर विरोध प्रदर्शन किया और प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के खिलाफ नारे लगाए।
योगी ने विधानसभा में कहा, "आपने देखा होगा कि 'एआई इम्पैक्ट समिट' देश के अंदर हो रहा है और 20 से अधिक देशों के राष्ट्राध्यक्ष प्रधानमंत्री के साथ समिट में उपस्थित थे। दुनिया के 100 से अधिक देशों के प्रतिनिधि समिट में भाग ले रहे थे।" उन्होंने कहा, "जहां एक ओर पूरी दुनिया और पूरा देश भारत की तरफ देख रहा है, वहीं दूसरी तरफ 'भारत मंडपम' में युवा कांग्रेस ने शर्मनाक कृत्य करने का प्रयास किया।" मुख्यमंत्री ने कहा, "पूरी दुनिया के अंदर इन्होंने (कांग्रेस) भारत की छवि खराब करने का कुत्सित प्रयास किया है, इसकी हम निंदा करते हैं। यह बहुत शर्मनाक घटना है।"
योगी ने कहा, "कांग्रेस के लोगों द्वारा, कांग्रेस नेताओं द्वारा देश की कीमत पर ये लोग खिलवाड़ करना चाहते हैं। राजनीति होती है, आरोप प्रत्यारोप होते हैं लेकिन यह देश की कीमत पर देश की छवि से खिलवाड़ कर रहे हैं।" मुख्यमंत्री ने कहा, "जहां दुनिया के सौ से अधिक देशों के लोग भागीदार बनें। वहां पर इस प्रकार उत्पात मचाकर अराजकता फैलाने का प्रयास किया गया। मुझे लगता है कि हर भारतवासी को इस घटना की निंदा करनी चाहिए, भर्त्सना करनी चाहिए और जो लोग भारत की छवि को खराब करने का कार्य कर रहे हैं, उनके खिलाफ कठोर कार्रवाई करनी चाहिए।"
भारतीय युवा कांग्रेस के अध्यक्ष उदय भानु चिब ने शुक्रवार को नई दिल्ली में कहा कि 'एआई इम्पैक्ट समिट' के दौरान संगठन के कार्यकर्ताओं का प्रदर्शन इस आयोजन के खिलाफ नहीं बल्कि अमेरिका के साथ हुए अंतरिम व्यापार समझौते के खिलाफ था। उन्होंने कहा कि जब देश के किसानों का सौदा किया जा रहा हो, भारत विरोधी व्यापार समझौता हो रहा हो और युवाओं को बेरोजगार रखकर नफरत की राजनीति में झोंका जा रहा हो, तो फिर खामोश नहीं रहा जा सकता।

