कड़ाके की ठंड, घना कोहरा और बड़ा फैसला! तीन राज्यों में अचानक बंद हुए स्कूल, अब सबकी नजर 10 जनवरी पर!

punjabkesari.in Wednesday, Jan 07, 2026 - 06:44 AM (IST)

UP Desk: घने कोहरे और कड़ाके की ठंड ने उत्तर भारत में जनजीवन को बुरी तरह प्रभावित कर दिया है। बच्चों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश और राजस्थान के कई जिलों में स्कूलों को अस्थायी रूप से बंद करने का फैसला लिया गया है। प्रशासन ने साफ किया है कि मौसम की स्थिति सामान्य होने तक यह फैसला जारी रह सकता है।

नोएडा में नर्सरी से कक्षा 8 तक स्कूल बंद
मिली जानकारी के मुताबिक, उत्तर प्रदेश के गौतम बुद्ध नगर (नोएडा) में जिला प्रशासन ने नर्सरी से लेकर कक्षा 8 तक के सभी स्कूलों को 10 जनवरी तक बंद रखने का आदेश जारी किया है। इसमें CBSE, ICSE और यूपी बोर्ड से संबद्ध सभी सरकारी और निजी स्कूल शामिल हैं। अधिकारियों का कहना है कि घने कोहरे और अत्यधिक ठंड के कारण बच्चों के स्वास्थ्य पर असर पड़ सकता है, इसलिए यह कदम उठाया गया है। स्कूल प्रबंधन को आदेश का सख्ती से पालन करने के निर्देश दिए गए हैं।

गाजियाबाद में भी 10 जनवरी तक छुट्टी का आदेश
इसी तरह गाजियाबाद में भी कड़ाके की ठंड को देखते हुए कक्षा 8 तक के सभी स्कूलों को 10 जनवरी तक पूरी तरह बंद रखने का फैसला लिया गया है। जिलाधिकारी गाजियाबाद ने इस संबंध में आधिकारिक आदेश जारी किया है। प्रशासन का कहना है कि सुबह के समय कोहरा और ठंड बच्चों के लिए खतरनाक साबित हो सकती है।

आगर मालवा में बढ़ती ठंड से स्कूलों का अवकाश बढ़ा
मध्य प्रदेश के आगर मालवा जिले में भी ठंड का असर लगातार बढ़ता जा रहा है। पिछले कई दिनों से सुबह के वक्त घना कोहरा छाया रहता है और तापमान काफी नीचे चला गया है। हालात को देखते हुए कलेक्टर ने पहले 5 और 6 जनवरी को स्कूलों में अवकाश घोषित किया था। इसके बाद ठंड और बढ़ने पर 7 और 8 जनवरी को भी स्कूलों की छुट्टी बढ़ा दी गई।

जालौर में प्राइमरी स्कूलों को 10 जनवरी तक राहत
वहीं राजस्थान के जालौर जिले में भी ठंड को देखते हुए स्कूलों में छुट्टी का ऐलान किया गया है। जिले में संचालित सभी राजकीय और गैर-राजकीय मान्यता प्राप्त विद्यालयों में प्री-प्राइमरी से लेकर कक्षा 5 तक के विद्यार्थियों के लिए 10 जनवरी 2026 तक अवकाश घोषित किया गया है। प्रशासन ने साफ किया है कि मौसम की स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है। अगर ठंड और कोहरे का असर आगे भी बना रहता है, तो स्कूलों की छुट्टियों की अवधि और बढ़ाई जा सकती है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Anil Kapoor

Related News

static