बेटी का घर बसाने चली थी, खुद का उजाड़ बैठी! दामाद संग फरार सास 10 महीने बाद लौटी, अब रोंगटे खड़े कर देगी सच्चाई!

punjabkesari.in Saturday, Feb 14, 2026 - 07:51 AM (IST)

Aligarh News: उत्तर प्रदेश के अलीगढ़ जिले में होने वाले दामाद के साथ भागकर सुर्खियों में आई महिला अब वापस लौट आई है। करीब 10 महीने पहले जिस महिला ने अपने प्यार की खातिर घर-बार और बच्चों को छोड़ दिया था, आज उसने अपने ही प्रेमी (दामाद) पर बंधक बनाने और उत्पीड़न करने के सनसनीखेज आरोप लगाए हैं।

प्रेम का हुआ दर्दनाक अंत: सास ने सुनाई आपबीती
गुरुवार को दादों क्षेत्र की रहने वाली सपना देवी (अनीता) थाने पहुंची और पुलिस से सुरक्षा की गुहार लगाई। महिला का कहना है कि राहुल (उसकी बेटी का होने वाला पति) ने उसे प्रेम जाल में फंसाया था। महिला का दावा है कि राहुल उसे बंधक बनाकर रखता था और उसके साथ मारपीट करता था। आरोप है कि राहुल ने महिला के सारे गहने और नकदी खर्च कर दी। जब पैसे खत्म हो गए, तो उसने उसे प्रताड़ित करना शुरू कर दिया। अब महिला को अपने छोटे बच्चों को छोड़कर जाने का गहरा दुख है। उसने कहा कि मैं अब अकेले रहकर मेहनत-मजदूरी कर अपना जीवन बिताऊंगी।

दामाद की अपनी कहानी: तांत्रिक क्रियाओं का लगाया आरोप
दूसरी ओर, दामाद राहुल ने भी थाने में शिकायत दर्ज कराई है। राहुल की कहानी पूरी तरह अलग है। राहुल का कहना है कि उसकी पत्नी को उसका बहनोई बहला-फुसलाकर ले गया है। उसने महिला के परिजनों पर घर उजाड़ने और तांत्रिक क्रियाओं के जरिए मानसिक दबाव बनाने का आरोप लगाया है। राहुल इस मामले में न्याय की मांग लेकर क्षेत्राधिकारी (CO) से मिलने भी पहुंचा।

क्या था पूरा मामला?
यह अजीबोगरीब प्रेम कहानी 10 महीने पहले शुरू हुई थी। सपना देवी को अपनी बेटी के होने वाले पति राहुल से प्यार हो गया था। दोनों घर से फरार हो गए, जिसके बाद महिला के पति ने मडराक थाने में मुकदमा दर्ज कराया था। उस वक्त पुलिस ने दोनों को पकड़ा भी था, लेकिन दोनों ने एक-दूसरे के साथ रहने की इच्छा जताई थी, जिसके बाद वे साथ चले गए थे।

अधिकारी का बयान
पुलिस के अनुसार, दोनों पक्षों की शिकायतें मिली हैं। मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच की जा रही है। जांच पूरी होने के बाद ही अगली कानूनी कार्रवाई की जाएगी।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Anil Kapoor

Related News

static