''नीले ड्रम जैसा हाल कर दूंगी...'' पत्नी की धमकी से सहमा पति, कहा- विवाह के बाद पास नहीं आई, बोलती है मैं दूसरे की अमानत हूं

punjabkesari.in Monday, Mar 09, 2026 - 10:28 AM (IST)

वाराणसी: वाराणसी के भेलूपुर थाना क्षेत्र में एक व्यक्ति ने अपनी पत्नी पर ‘नीले ड्रम जैसा कांड' करने की धमकी देने का आरोप लगाते हुए मुकदमा दर्ज कराया है। उसने पत्नी समेत पांच लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कराया है। उसका आरोप है कि शादी के बाद पत्नी उसके पास भी नहीं आई और तलाक देने की बात करती है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।       

'धमकी देती है पत्नी...'
पुलिस के अनुसार, डुमराव बाग कॉलोनी निवासी डॉ. गौरव कुमार सिंह ने अपनी पत्नी स्मिता सिंह के खिलाफ तहरीर दी है। उनका विवाह 21 जनवरी 2025 को बिहार के कैमूर जिले में मोहनिया निवासी स्मिता सिंह से हुआ था। शिकायत में आरोप है कि पत्नी ने फोन पर कहा कि वह उनके साथ नहीं रहना चाहती और तलाक देने को कहा। साथ ही यह भी धमकी दी कि यदि उसे जबरन विदा कराकर लाया गया तो वह ‘नीले ड्रम जैसा कांड' कर देगी।        

'तुम्हारे साथ नहीं रह सकती...'
पीड़ित पति ने कहा, इधर एक महीने बाद पत्नी स्मिता विदाई करवाकर मायके चले गई। वहां से फोन करके स्मिता ने कहा- मैं दूसरे की अमानत हूं। तुम्हारे साथ नहीं रह सकती। मुझे तलाक दे दो। वह लगातार फोन कर यह बातें करने लगी। मैंने परिजनों को कुछ नहीं बताया। विदाई का समय आया तो उसने धमकियां देना शुरू कर दिया।

पांच लोगों के खिलाफ मामला दर्ज   
पीड़ित के अनुसार, तीन मार्च की रात स्मिता अपने परिजनों के साथ बिना सूचना के काशी पहुंची। इस दौरान विवाद बढ़ने पर मारपीट भी हुई। पुलिस ने इस मामले में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की विभिन्न धाराओं के तहत स्मिता सिंह सहित पांच लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। पुलिस का कहना है कि मामला पारिवारिक विवाद से जुड़ा है और इसकी जांच की जा रही है। जांच के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी। 
 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Pooja Gill

Related News

static