''एक्सप्रेसवे पर काल बनी रफ्तार''... आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे पर कार के उड़े परखच्चे, 2 भाइयों सहित 3 की दर्दनाक मौत
punjabkesari.in Monday, Jun 01, 2026 - 02:18 PM (IST)
Agra News: आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे पर सोमवार को एक बेहद दर्दनाक सड़क हादसा सामने आया है। जहां एक तेज रफ्तार कार अचानक अनियंत्रित होकर आगे चल रहे कंटेनर ट्रक में पीछे से जा घुसी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि कार का अगला आधा हिस्सा कंटेनर के नीचे बुरी तरह फंस गया। इस भीषण हादसे में 2 सगे भाइयों समेत 3 लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 5 अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हैं। सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस, यूपीडा (UPEIDA) की टीम और एंबुलेंस राहत बचाव कार्य के लिए मौके पर पहुंच गई।
पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक, यह दर्दनाक वाकया आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे पर फतेहाबाद थाना क्षेत्र के अंतर्गत हुआ। शुरुआती जांच और चश्मदीदों के बयानों के आधार पर आशंका जताई जा रही है कि हादसा ड्राइवर को अचानक नींद की झपकी आने की वजह से हुआ। रफ्तार तेज होने के कारण ड्राइवर कार पर से अपना नियंत्रण खो बैठा और गाड़ी सीधे आगे चल रहे कंटेनर के पिछले हिस्से से जा टकराई।
बताया जा रहा है कि कार सवार सभी लोग बिहार के रहने वाले थे और राजस्थान में एक शादी समारोह में शामिल होने के लिए जा रहे थे। हादसे के बाद एक्सप्रेसवे पर चीख-पुकार मच गई। मौके पर पहुंचे बचाव दल ने काफी मशक्कत के बाद कार में फंसे घायलों को बाहर निकाला।
पुलिस ने तीनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। वहीं, पांचों घायलों को तुरंत नजदीकी अस्पताल ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उनकी नाजुक हालत को देखते हुए सीएचसी (CHC) फतेहाबाद रेफर कर दिया गया है। फिलहाल घायलों की स्थिति गंभीर बनी हुई है और पुलिस मामले की आगे की जांच कर रही है।

