CM योगी 1,228 नर्सिंग अधिकारियों को 22 मार्च को देंगे न्युक्ति पत्र, स्वास्थ्य सेवाओं को मिलेगी मजबूती
punjabkesari.in Friday, Mar 20, 2026 - 07:24 PM (IST)
लखनऊ: उत्तर प्रदेश में स्वास्थ्य सेवाओं और चिकित्सा शिक्षा को सुद्दढ़ करने की दिशा में किये जा रहे प्रयासों के तहत रविवार को प्रदेश के 1,228 नवचयनित नर्सिंग अधिकारियों को नियुक्ति पत्र वितरित किए जाएंगे। लोकभवन सभागार में आयोजित र्यक्रम में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ 492 अभ्यर्थियों को स्वयं नियुक्ति पत्र प्रदान करेंगे जबकि शेष 736 अभ्यर्थियों को प्रदेश के विभिन्न जिलों में आयोजित कार्यक्रमों के दौरान जनप्रतिनिधियों के माध्यम से नियुक्ति पत्र सौंपे जाएंगे। यह पूरा कार्यक्रम लाइव प्रसारण के जरिए एक साथ जोड़ा जाएगा।
अपर मुख्य सचिव, चिकित्सा शिक्षा अमित कुमार घोष ने बताया कि मुख्यमंत्री के निर्देश पर विभाग में रिक्त पदों को भरने की प्रक्रिया तेज की गई है, जिससे युवाओं को रोजगार के अवसर मिल सकें और स्वास्थ्य सेवाएं बेहतर हों। भर्ती प्रक्रिया उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग के माध्यम से पूरी की गई है।
चिकित्सा शिक्षा एवं प्रशिक्षण विभाग की सचिव एवं महानिदेशक डॉ. सारिका मोहन के अनुसार, इन नर्सिंग अधिकारियों की तैनाती प्रदेश के 13 राजकीय मेडिकल कॉलेजों आगरा, कानपुर, प्रयागराज, मेरठ, झांसी, गोरखपुर, अंबेडकरनगर, कन्नौज, आजमगढ़, जालौन, सहारनपुर, बांदा और बदायूं सहित दो प्रमुख संस्थानों, जेके कैंसर संस्थान और हृदय रोग संस्थान कानपुर में की जाएगी।
उन्होंने बताया कि चयनित अभ्यर्थियों में 1,097 महिलाएं और 131 पुरुष शामिल हैं, जो स्वास्थ्य सेवाओं में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे। गौरतलब है कि प्रदेश सरकार ने इस वर्ष करीब डेढ़ लाख युवाओं को सरकारी नौकरी देने का लक्ष्य तय किया है। इसी कड़ी में विभिन्न विभागों में भर्ती प्रक्रिया जारी है। इससे पहले अंतररष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर 94 नवचयनित मुख्य सेविकाओं को भी नियुक्ति पत्र वितरित किए गए थे।

