''जब जनता और सरकार मिलकर काम करे तब विकास संभव होता है'', गोरखपुर में CM Yogi बोले- प्लास्टिक, घरेलू कचरे को नालियों में न फेंकें
punjabkesari.in Saturday, May 16, 2026 - 02:04 PM (IST)
गोरखपुर : उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शुक्रवार को लोगों से प्लास्टिक, कपड़े और घरेलू कचरे को नालियों में नहीं डालने की अपील करते हुए कहा कि शहरों को स्वच्छ, स्वस्थ एवं जलभराव व मौसमी बीमारियों से मुक्त रखने के लिए जन भागीदारी आवश्यक है। मुख्यमंत्री ने गोरखपुर में 495 करोड़ रुपये से अधिक की विकास परियोजनाओं का निरीक्षण करने के बाद एक सभा को संबोधित किया।
इस दौरान उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार ने शहर में नागरिक समस्याओं, विशेष रूप से जलभराव, मच्छर से संबंधित मुद्दों और मानसून के मौसम के दौरान और उसके बाद उभरने वाली बीमारियों को हल करने पर लगातार ध्यान केंद्रित किया है। उन्होंने कहा, "हमारा प्रयास यह सुनिश्चित करना है कि गोरखपुर की लंबित समस्याओं का समाधान हो। जलभराव, मच्छरों और बारिश के मौसम में फैलने वाली बीमारियों जैसे मुद्दों का स्थायी समाधान किया जाना चाहिए।"
योगी ने कहा कि जब लोग और सरकार मिलकर काम करते हैं तो विकास संभव होता है। उन्होंने निवासियों से प्लास्टिक का उपयोग बंद करने और पॉलिथीन बैग, कपड़े व घरेलू कचरे को नालियों व नहरों में फेंकने से परहेज करने का आग्रह करते हुए कहा, "जब सामूहिक प्रयास होता है, तो विकास होता है।" मुख्यमंत्री ने कहा कि स्वच्छ और स्वस्थ गोरखपुर राज्य एवं देश को समृद्धि के नए लक्ष्यों की ओर बढ़ने में मदद करेगा।

