दुकान का शटर तोड़ा, छिड़का पेट्रोल और फिर... लखनऊ में दबंगई का CCTV VIDEO वायरल

punjabkesari.in Monday, Aug 17, 2026 - 07:17 AM (IST)

Lucknow News: लखनऊ के कैसरबाग इलाके में बेखौफ दबंगों की एक सनसनीखेज करतूत सामने आई है। मछली मोहल्ले में पुरानी रंजिश के चलते 2 दबंगों ने एक चाय कैंटीन का शटर तोड़कर अंदर पेट्रोल छिड़क दिया और फिर जलती हुई तीली फेंककर पूरी दुकान को आग के हवाले कर दिया। आग इतनी भयानक थी कि देखते ही देखते कैंटीन में रखा सारा सामान जलकर राख हो गया। यह पूरी वारदात दुकान के बाहर लगे CCTV कैमरे में कैद हो गई है।

 

सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार, घटना 15 अगस्त की देर रात करीब 11:50 बजे की है। कैंटीन संचालक मोनिश (मकान नंबर 117/112) के मुताबिक, इलाके के ही रहने वाले कैफ राशिद और सैफ राशिद का उनके छोटे भाई से पहले से विवाद चल रहा था। इसी खुन्नस में आरोपियों ने वारदात को अंजाम दिया।

सामने आए CCTV फुटेज में साफ दिख रहा है कि एक आरोपी पहले दुकान के बाहर आता है और शटर का ताला तोड़ता है। उसके हाथ में पेट्रोल से भरी 3 बोतलें थीं। उसने कैंटीन के भीतर चारों तरफ पेट्रोल उड़ेला और फिर बाहर आ गया। बाहर दोनों आरोपियों ने थोड़ी देर आपस में बात की और फिर बेखौफ होकर अंदर माचिस की जलती तीली फेंक दी। तीली गिरते ही पूरी दुकान लपटों से घिर गई।

ये भी पढ़ें:- 'सो गया तो मौ/त पक्की...' भाई को बचाने के लिए जड़े 150+ थप्पड़, देखें VIDEO

बताया जा रहा है कि पीड़ित मोनिश की तहरीर पर कैसरबाग पुलिस ने नामजद मुकदमा दर्ज कर लिया है। कैसरबाग इंस्पेक्टर अंजनी मिश्रा ने बताया कि साक्ष्यों और फुटेज के आधार पर कार्रवाई करते हुए नामजद आरोपी सैफ को गिरफ्तार कर लिया गया है। आगजनी में कैंटीन का सारा सामान पूरी तरह तबाह हो गया है। पुलिस की टीमें फरार आरोपी कैफ राशिद की तलाश में उसके संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दे रही हैं। पुलिस का दावा है कि दूसरे आरोपी को भी जल्द सलाखों के पीछे भेज दिया जाएगा।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Anil Kapoor

Related News

static