Etawah News: ड्यूटी के दौरान सो गया स्टेशन मास्टर, आधे घंटे तक हरी झंडी के इंतजार में खड़ी रही ट्रेन
punjabkesari.in Monday, May 06, 2024 - 12:31 PM (IST)
Etawah News: स्टेशन मास्टर के ड्यूटी के दौरान सो जाने के कारण उत्तर प्रदेश में इटावा के पास उदी मोड़ रेलवे स्टेशन पर पटना-कोटा एक्सप्रेस ट्रेन करीब आधे घंटे तक हरी झंडी का इंतजार करती रही। घटना को गंभीरता से लेते हुए आगरा रेलवे मंडल ने स्टेशन मास्टर से इस लापरवाही का कारण बताने को कहा है जिसके परिणामस्वरूप कोई अप्रिय घटना हो सकती थी। यह स्टेशन आगरा मंडल के अंतर्गत आता है।
ड्यूटी के दौरान सो गया स्टेशन मास्टर
मिली जानकारी के मुताबिक, आगरा रेलवे मंडल की जनसंपर्क अधिकारी (पीआरओ) प्रशस्ति श्रीवास्तव ने एक न्यूज एजेंसी से कहा कि हमने स्टेशन मास्टर को आरोप पत्र जारी किया है और अनुशासनात्मक कार्रवाई की जा रही है। रेलवे अधिकारियों ने कहा कि उदी मोड़ रेलवे स्टेशन इटावा से पहले आने वाला एक छोटा लेकिन महत्वपूर्ण स्टेशन है क्योंकि आगरा के साथ-साथ झांसी से प्रयागराज की ओर जाने वाली ट्रेन भी इस स्टेशन से गुजरती हैं।
आधे घंटे तक हरी झंडी का इंतजार करती रही ट्रेन
सूत्रों के मुताबिक, ट्रेन के लोको पायलट को स्टेशन मास्टर को जगाने के लिए कई बार हॉर्न बजाना पड़ा ताकि वह ट्रेन को गुजरने के लिए हरी झंडी दे सके। एक सूत्र ने कहा कि स्टेशन मास्टर ने अपनी गलती स्वीकार कर ली है और चूक के लिए माफी मांगी है। उन्होंने कहा कि वह स्टेशन पर अकेला था क्योंकि उनके साथ ड्यूटी पर तैनात 'प्वाइंट्समैन' पटरी के निरीक्षण के लिए गया था।
सबसे ज्यादा पढ़े गए
Related News
आधे शरीर के साथ हवा में लटका रहा चोर, शटर और दीवार के बीच फंसी गर्दन... रोंगटे खड़े कर देगा ये मंजर!

