कॉल सेंटर से लड़कियां फोन कर देती थीं नौकरी का झांसा, 32 पासबुक और 28 ATM बरामद

punjabkesari.in Monday, Aug 10, 2026 - 09:32 AM (IST)

Agra News: आगरा जिले के ताजगंज इलाके में पुलिस ने बीते रविवार को एक फर्जी काल सेंटर का भंडाफोड़ करते हुए 2 महिलाओं सहित 4 आरोपियों को गिरफ्तार किया। पुलिस के एक अधिकारी ने यह जानकारी दी। पुलिस के अनुसार, ये चारों कॉल सेंटर के जरिए नौकरी का झांसा देकर बेरोजगारों से ठगी करते थे। थाना ताजगंज इलाके में साइबर प्रकोष्ठ की टीम ने यह कार्रवाई की।

पुलिस उपायुक्‍त (DCP) आदित्य ने बताया कि 15 राज्यों से 100 से अधिक शिकायत मिली थीं कि नौकरी दिलाने के नाम पर उनके साथ ठगी की गई है। इन्हीं शिकायतों के आधार पर जांच पड़ताल की गई तो फर्जी कॉल सेंटर का खुलासा हुआ। आरोपियों ने एक फर्जी कंपनी बनाई थी और नौकरियों का विज्ञापन भी जारी करते थे। उन्‍होंने बताया कि कॉल सेंटर से लड़कियां किसी कंपनी में गार्ड, सुपरवाइजर या अन्य पदों की नौकरी लगवाने का झांसा देती थीं। नौकरी पाने के लालच में कुछ लोग फंस जाते थे। पंजीकरण के नाम पर उनसे करीब 2 हजार रुपए जमा कराए जाते थे। पंजीकरण के बाद वर्दी और अन्य चीजों के लिए 8000 जमा कराए जाते थे। आखिर में नियुक्ति प्रमाण पत्र लेने के एवज में 10 हजार रुपए फिर से लिए जाते थे।

ये भी पढ़ें:- आपत्तिजनक हालत में पकड़े गए थे महिला और मकान मालिक, फिर पत्नी ने रची ऐसी साजिश कि....

डीसीपी ने बताया कि अभी तक पूछताछ में पता चला है कि ढाई हजार से अधिक लोग इस ठगी का शिकार हो चुके हैं। आरोपियों के पास से 10 मोबाइल फोन, 32 पासबुक, 28 एटीएम कार्ड, 12 क्यूआर कोड के अलावा नियुक्ति पत्र सहित अलग-अलग तरह के दस्‍तावेज मिले हैं। मामले में गिरफ्तार एक आरोपी तरुण बिहार का रहने वाला है और दूसरा आरोपी अजय जौनपुर का रहने वाला है। अभी इस गिरोह से जुड़े कई लोगों की तलाश की जा रही है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Anil Kapoor

Related News

static