दरवाजा खुलते ही उड़े होश, इलाज के पैसे न देने पर ईंट से कुचला पिता का सिर, कातिल बेटा गिरफ्तार
punjabkesari.in Friday, Sep 25, 2026 - 08:09 AM (IST)
Hamirpur News: हमीरपुर सदर कोतवाली क्षेत्र के पाराउंझी गांव में बुधवार देर रात एक व्यक्ति ने कथित तौर पर इलाज के लिए पैसे नहीं देने पर अपने पिता की ईंट से सिर कुचलकर हत्या कर दी। पुलिस ने यह जानकारी दी। पुलिस के मुताबिक पाराउंझी में नवाब अली (75) अपने 5 पुत्रों के साथ रहते थे, उनका एक बेटा शमशाउद्दीन ग्राम प्रधान है, जबकि 2 बेटे मूक बधिर हैं एवं सबसे छोटा बेटा रमजान (35) टीबी से लंबे समय से ग्रस्त है।
पुलिस के अनुसार रमजान बीमारी के इलाज के लिए अपने पिता नवाब अली से किसान क्रेडिट से पैसे निकाल कर देने की मांग रहा था, पैसे नहीं मिलने पर बुधवार देर रात उसने गुस्से में आकर अपने पिता की ईंट से कुचलकर हत्या दी ।
कोतवाली प्रभारी विनोद कुमार ने बताया कि गुरुवार सुबह जब परिवार वालों ने दरवाजा खुलवाया तब जाकर घटना की जानकारी हुई। नवाब अली के पुत्र शमशाउद्दीन प्रधान ने तत्काल पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने मौके पर पहुंच कर आरोपी रमजान को हिरासत में लिया। पुलिस का कहना है कि रमजान ने हत्या का जुर्म कबूल लिया है। पुलिस शव को पोस्टमार्टम के लिए ले गई।

