सरकारी मीटिंग बनी अखाड़ा: महिला BLO ने एक-दूसरे के उखाड़े बाल, जमकर चली चप्पलें-घूंसे; वीडियो देख रह जाएंगे सन्न
punjabkesari.in Wednesday, Feb 18, 2026 - 08:07 AM (IST)
Ballia News(मुकेश मिश्रा): उत्तर प्रदेश के बलिया से एक ऐसी तस्वीर सामने आई है जिसने शिक्षा के मंदिर और सरकारी अनुशासन, दोनों को शर्मसार कर दिया है। शहर के भृगु आश्रम स्थित कम्पोजिट स्कूल में एक सरकारी मीटिंग के दौरान दो महिला बीएलओ (BLO) आपस में भिड़ गईं। देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि दोनों के बीच जमकर मारपीट हुई, जिसका वीडियो अब सोशल मीडिया पर आग की तरह फैल रहा है।
बाल पकड़कर घसीटा, मीटिंग में हुई पटका-पटक
जानकारी के अनुसार, स्कूल में सरकारी काम (SIR) को लेकर एक महत्वपूर्ण बैठक बुलाई गई थी। मीटिंग के दौरान ही दो महिला कर्मचारी, सुमन देवी और नीलम सिंह के बीच किसी बात को लेकर बहस शुरू हो गई। देखते ही देखते मर्यादा की सारी दीवारें टूट गईं। वीडियो में साफ दिख रहा है कि दोनों महिलाएं एक-दूसरे के बाल पकड़कर खींच रही हैं और जमीन पर पटक कर मारपीट कर रही हैं। वहां मौजूद अन्य लोग बीच-बचाव करने की कोशिश करते रहे, लेकिन हंगामा काफी देर तक चलता रहा।
जातिगत अपमान और नोटिस को लेकर विवाद
पीड़ित महिला कर्मचारी सुमन देवी ने इस मामले में दूसरी बीएलओ नीलम सिंह पर बेहद गंभीर आरोप लगाए हैं। सुमन देवी का कहना है उन्हें नोटिस बांटने के लिए ज्यादा काम दिया गया था, जिससे नीलम सिंह नाराज हो गईं। आरोप है कि नीलम सिंह ने सुमन देवी को जातिसूचक गालियां दीं और नीची जाति का कहकर अपमानित किया। बहस के दौरान सुमन देवी को बाल पकड़कर जमीन पर पटका गया और बुरी तरह घसीटा गया।
पीड़िता का दर्द: 'पुलिस नहीं कर रही सुनवाई'
इस शर्मनाक घटना के बाद पीड़िता सुमन देवी न्याय के लिए पुलिस के चक्कर काट रही हैं। उनका आरोप है कि शिकायत दर्ज कराने के बावजूद पुलिस इस मामले में चुप्पी साधे हुए है और कोई ठोस कार्रवाई नहीं की जा रही है। अब सवाल प्रशासन पर उठ रहे हैं कि सरकारी ड्यूटी के दौरान महिला कर्मचारियों के बीच हुई इस हिंसा और जातिगत टिप्पणी पर क्या एक्शन लिया जाएगा? क्या आरोपी पर सख्त कार्रवाई होगी या मामला दबकर रह जाएगा?

