ईरान में फंसे एक ही परिवार के 5 सदस्य, दो दिन से टूटा संपर्क, पिता ने सरकार से लगाई वतन वापसी की गुहार
punjabkesari.in Sunday, Mar 01, 2026 - 05:59 PM (IST)
अंबेडकरनगर (कार्तिकेय द्विवेदी ): ईरान में जारी अमेरिका–इजरायल हमलों और तनावपूर्ण हालात के बीच उत्तर प्रदेश के अंबेडकरनगर जिले का एक परिवार गहरी चिंता में है। जिले के शहजादपुर क्षेत्र के अब्दुल्लापुर गांव निवासी एतबार हुसैन अक्कन के परिवार के पांच सदस्य इस समय ईरान में फंसे हुए हैं। पिछले दो दिनों से उनसे कोई संपर्क नहीं हो पा रहा है, जिससे परिजन बेहद परेशान और चिंतित हैं।
परिजनों के मुताबिक एतबार हुसैन अक्कन के पुत्र, दामाद, पुत्री और पुत्री के दो बच्चे पढ़ाई के सिलसिले में ईरान गए हुए थे और वहीं रह रहे थे। बताया जा रहा है कि 27 फरवरी को आखिरी बार पिता की अपने बेटे से फोन पर बात हुई थी, इसके बाद से परिवार के किसी भी सदस्य से संपर्क नहीं हो सका है।
ईरान में जारी हमलों और तनावपूर्ण माहौल के बीच संपर्क टूट जाने से परिवार की चिंता और बढ़ गई है। घर पर सभी लोग अपने प्रियजनों की सलामती के लिए लगातार दुआ कर रहे हैं। एतबार हुसैन अक्कन ने बताया कि पहले ही ईरान के धार्मिक नेता अली ख़ामेनेई की मौत की खबर से वह दुखी थे, वहीं अब अपने परिवार के पांच सदस्यों के वहां फंसे होने से मानसिक रूप से बेहद व्यथित हैं।
उन्होंने भारत सरकार से अपील की है कि ईरान में फंसे उनके परिवार के सदस्यों को सुरक्षित वापस लाने के लिए जल्द से जल्द जरूरी कदम उठाए जाएं। फिलहाल पूरे परिवार की नजरें सरकार की पहल और अपने प्रियजनों की सुरक्षित वापसी पर टिकी हुई हैं।

