''लड़के-लड़कियां भाग जाते हैं, फिर गर्भवती होकर...'' AKTU में राज्यपाल आनंदीबेन पटेल का बेहद चौंकाने वाला बयान
punjabkesari.in Wednesday, Jul 08, 2026 - 11:01 AM (IST)
Lucknow News: उत्तर प्रदेश की राज्यपाल आनंदीबेन पटेल ने लखनऊ में हुए एकेटीयू के दीक्षांत समारोह में छात्र-छात्राओं को नसीहत देते हुए एक बड़ा और चौंकाने वाला बयान दिया है। राज्यपाल ने युवाओं के लव मैरिज और भागकर शादी करने के ट्रेंड पर खुलकर अपनी बात रखी। उन्होंने कहा कि आजकल लड़के-लड़कियां भाग जाते हैं, जिसके बाद लड़कियां गर्भवती हो जाती हैं। बाद में उन बच्चों को कोई स्वीकार नहीं करता और वे बालगृह पहुंच जाते हैं, यानी वे सरकार के भरोसे छोड़ दिए जाते हैं। दीक्षांत समारोह में डिग्रियां बांटने पहुंचीं राज्यपाल ने छात्र-छात्राओं से बेहद अनौपचारिक अंदाज में संवाद किया। उन्होंने हल्के-फुल्के लहजे में कहा कि यह आप सबका पराक्रम है, लेकिन ऐसा पराक्रम मत कीजिए।
'लव मैरिज की विरोधी नहीं, लेकिन पहले आत्मनिर्भर बनो'
आनंदीबेन पटेल ने इस दौरान अपने बेटे का उदाहरण भी दिया। उन्होंने बताया कि मेरा बेटा जब बेंगलुरु पढ़ने गया था, तो मैंने उससे साफ कह दिया था कि अगर कोई लड़की पसंद आए तो मुझे बताना, मैं खुद शादी करा दूंगी। हालांकि उसने ऐसा कुछ नहीं किया। उन्होंने छात्रों से कहा कि अगर उन्हें कोई पसंद आता है तो वे शादी जरूर करें, लेकिन उससे पहले आत्मनिर्भर बनें। राज्यपाल ने साफ किया कि वह लव मैरिज की विरोधी नहीं हैं, लेकिन बिना आत्मनिर्भर हुए या कोई गलत कदम उठाकर शादी करना सही नहीं है।
कॉलेजों के निर्माण कार्य पर भड़कीं राज्यपाल, दिए कड़े निर्देश
अपने संबोधन में राज्यपाल ने यूनिवर्सिटी और कॉलेजों में होने वाले कंस्ट्रक्शन की डिजाइन और उनकी उपयोगिता पर भी गहरी नाराजगी जताई। उन्होंने कहा कि शिक्षण संस्थानों की बिल्डिंग्स को देखकर निराशा होती है। उदाहरण देते हुए उन्होंने कहा कि कमरों में लाइट जलाने का बोर्ड बीच दीवार पर लगा दिया जाता है, जो व्यावहारिक नहीं है। इतना ही नहीं, उन्होंने आंगनबाड़ी केंद्रों का जिक्र करते हुए कहा कि वहां पीने के पानी के नल और टॉयलेट इतनी ऊंचाई पर बना दिए जाते हैं कि छोटे बच्चे वहां तक पहुंच ही नहीं पाते। राज्यपाल ने यूनिवर्सिटी प्रशासन को सख्त निर्देश दिए कि भविष्य में जो भी निर्माण कार्य हो, उसमें केवल क्वालिटी ही नहीं बल्कि इस बात का भी ध्यान रखा जाए कि वह इस्तेमाल करने लायक हो। इसके साथ ही उन्होंने हॉस्टलों में मॉडर्न किचन और आरओ (RO) प्लांट लगाने के भी आदेश दिए हैं।

