टार्जन बनना पड़ा भारी: बुलेट पर दिखा रहे थे सिक्स-पैक, Police ने हवालात पहुंचाकर सुजा दिए सारे मसल्स!
punjabkesari.in Thursday, Mar 19, 2026 - 09:22 AM (IST)
Gorakhpur News: उत्तर प्रदेश के गोरखपुर जिले में खुद को आधुनिक युग का टार्जन बताना 2 युवकों को बहुत महंगा पड़ गया। बीच सड़क पर शर्ट उतारकर बुलेट दौड़ाने और खतरनाक स्टंट करने का वीडियो जैसे ही वायरल हुआ, पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए दोनों सूरमाओं को धर दबोचा। पुलिस ने न सिर्फ उन्हें हिरासत में लिया है, बल्कि उनकी चमचमाती बुलेट को भी सीज कर दिया है।
क्या है पूरा मामला?
मामला गोरखपुर के पीपीगंज थाना क्षेत्र का है। सोशल मीडिया पर एक वीडियो तेजी से फैला, जिसमें एक युवक बिना शर्ट के बुलेट चला रहा था और खुद को मॉडर्न टार्जन बता रहा था। उसके पीछे बैठा दूसरा युवक चिल्ला-चिल्लाकर टार्जन इज बैक के नारे लगा रहा था और उसका हौसला बढ़ा रहा था।
जान जोखिम में डालकर हैंडल छोड़ दिखाए मसल्स
वीडियो में साफ दिख रहा है कि बुलेट चला रहा युवक बार-बार हैंडल छोड़ देता है और अपने बाइसेप्स और सिक्स-पैक एब्स दिखाता है। स्टंट के दौरान कई बार बुलेट अनियंत्रित होती दिखी, जिससे सड़क पर चल रहे अन्य राहगीरों की जान भी खतरे में पड़ गई। युवक की इस लापरवाही को देख लोग खुद ही रास्ता छोड़कर किनारे हो जा रहे थे। इस पूरी घटना की रील सामने चल रही एक दूसरी बाइक से बनाई जा रही थी।
जनता ने पुलिस को किया टैग, शुरू हुई कार्रवाई
जैसे ही यह वीडियो इंटरनेट पर वायरल हुआ, जागरूक नागरिकों ने इसे गोरखपुर पुलिस को टैग करना शुरू कर दिया। लोगों का कहना था कि ऐसे स्टंटबाजों की वजह से ही मासूम लोग सड़क हादसों का शिकार होते हैं। मामले की गंभीरता को देखते हुए पीपीगंज पुलिस तुरंत एक्शन में आई और दोनों युवकों को ढूंढ निकाला।
हवालात पहुंचे टार्जन और साइडकिक
कैंपियरगंज सर्कल के सीओ (CO) अनुराग सिंह ने बताया कि पकड़े गए युवकों की पहचान चिलुआताल के ताजडीह निवासी दीपू दुबे और पीपीगंज के राजाबारी निवासी अंश कुमार श्रीवास्तव के रूप में हुई है। पुलिस ने दोनों को हिरासत में लेकर बुलेट सीज कर दी है और उनके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
सबसे ज्यादा पढ़े गए
Related News
जनेश्वर मिश्र पार्क के बाहर स्टंट बना काल: 100 की रफ्तार, एक पहिये पर बुलेट और फिर.... (Watch Video)

