अस्पताल से घर लौट रहे थे पति-पत्नी, रास्ते में ही छीन गईं सांसें... बलिया में खड़ी बस से टकराई थी तेज रफ्तार बाइक
punjabkesari.in Thursday, Jun 18, 2026 - 11:52 AM (IST)
Ballia News: उत्तर प्रदेश के बलिया जिले में एक मोटरसाइकिल के खड़ी निजी बस से टकरा जाने से 35 वर्षीय व्यक्ति और उसकी पत्नी की मौत हो गई। पुलिस ने यह जानकारी दी। पुलिस के अनुसार, यह हादसा बुधवार को रसड़ा कोतवाली क्षेत्र के गढ़िया रेलवे क्रॉसिंग के पास हुआ। पुलिस ने बताया कि मऊ से इलाज कराकर घर लौटते समय विनोद प्रजापति की मोटरसाइकिल रसड़ा-मऊ मार्ग पर सड़क किनारे खड़ी एक निजी बस से अनियंत्रित होकर टकरा गई।
पुलिस ने बताया कि हादसे में विनोद प्रजापति (35) और उनकी पत्नी मुन्नी देवी (30) गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिस ने बताया कि घायलों को रसड़ा स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां बुधवार देर शाम इलाज के दौरान दोनों की मौत हो गई। रसड़ा कोतवाली प्रभारी योगेंद्र बहादुर सिंह ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायल दंपति को अस्पताल में भर्ती कराया। उन्होंने बताया कि दोनों पड़ोसी जिले गाजीपुर के करीमुद्दीनपुर थाना क्षेत्र के पैकौली पाटेपुर गांव के निवासी थे। पुलिस ने बताया कि शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।

