थाने के बाहर चप्पल तांडव! पति ने जमीन पर लिटाकर दबोचा, महिला ने 30 सेकंड में शोहदे पर बरसाए 25 चप्पल और 8 लातें

punjabkesari.in Monday, Feb 23, 2026 - 01:11 PM (IST)

Aligarh News: उत्तर प्रदेश के अलीगढ़ जिले से नारी शक्ति का एक ऐसा वीडियो सामने आया है, जिसे देखकर मनचलों की रूह कांप जाएगी। गंगीरी थाना क्षेत्र में एक महिला ने बीच सड़क पर छेड़खानी करने वाले युवक की ऐसी तबीयत से धुनाई की कि वहां मौजूद लोग बस देखते रह गए। महिला ने महज 30 सेकंड के अंदर युवक को चप्पलों और लातों से अधमरा कर दिया।

थाने के सामने ही मिल गया इंसाफ
जानकारी के मुताबिक, गंगीरी क्षेत्र की रहने वाली एक महिला को गांव का ही एक युवक पिछले काफी समय से परेशान कर रहा था। शोहदे की हरकतों से तंग आकर महिला अपने पति के साथ शिकायत दर्ज कराने थाने पहुंची थी। किस्मत देखिए कि जैसे ही महिला थाने के पास पहुंची, वही आरोपी युवक वहां से बाइक पर गुजरता दिखाई दिया।

 

पति ने दबोचा, पत्नी ने कूटा
युवक को देखते ही महिला और उसके पति का गुस्सा सातवें आसमान पर पहुंच गया। दोनों ने दौड़कर उसे बाइक से नीचे गिरा दिया। पति ने आरोपी के दोनों हाथ कसकर जमीन पर दबा लिए और फिर घूंघट ओढ़े लाल साड़ी वाली महिला ने चप्पलों की बारिश कर दी। हैरानी की बात यह रही कि वहां मौजूद भीड़ में से किसी ने भी युवक को बचाने की कोशिश नहीं की, बल्कि लोग महिला के साहस की तारीफ करते नजर आए।

क्या कहती है पुलिस?
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और पिट रहे युवक को हिरासत में ले लिया। क्षेत्राधिकारी (CO) संजीव तोमर ने बताया कि युवक महिला को लगातार परेशान कर रहा था, जिससे आक्रोशित होकर महिला ने उसे पीटा है।

कानूनी कार्रवाई
पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। चूंकि महिला ने अभी तक कोई औपचारिक लिखित तहरीर नहीं दी है, इसलिए फिलहाल पुलिस ने आरोपी के खिलाफ Breach of Peace (शांतिभंग) की धाराओं में चालान कर कार्रवाई की है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Anil Kapoor

Related News

static