बेटे की बहादुरी ने रुला दिया! 10 साल के अजय ने मगरमच्छ से भिड़कर बचाई पिता की जान, चंबल में दिखा असली हीरो

punjabkesari.in Sunday, Jul 27, 2025 - 08:35 AM (IST)

Agra News: उत्तर प्रदेश के आगरा जिले में बाह तहसील के बासौनी थाना क्षेत्र के झरनापुरा गांव में 25 जुलाई 2025 की शाम एक हैरान कर देने वाली घटना हुई। जहां 35 वर्षीय बीरभान अपने 10 साल के बेटे अजय के साथ चंबल नदी के किनारे पानी भरने गया था। तभी अचानक एक मगरमच्छ ने बीरभान पर हमला कर दिया और उसे पानी में खींचने लगा।

नन्हे अजय ने दिखाई अद्भुत हिम्मत
भीषण खतरे में फंसे बीरभान को देखकर उसके बेटे अजय ने डंडा उठाया और मगरमच्छ पर जोरदार हमला कर दिया। अजय की हिम्मत से मगरमच्छ घबरा गया और बीरभान को छोड़कर वहां से भाग गया।

बीरभान की हालत गंभीर
मगरमच्छ के हमले से बीरभान के पैरों में गहरे घाव आए हैं। उन्हें गंभीर हालत में तुरंत बाह के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) में भर्ती कराया गया, जहां से उनकी स्थिति देखते हुए जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। पुलिस और वन विभाग की टीम ने घटना की जांच शुरू कर दी है।

ग्रामीणों में दहशत, प्रशासन से सुरक्षा की मांग
झरनापुरा और आसपास के गांवों में मगरमच्छों की बढ़ती संख्या को लेकर दहशत का माहौल है। ग्रामीणों ने बताया कि ये पहली घटना नहीं है, जून 2025 में भगवानपुरा गांव में एक बुजुर्ग महिला को भी मगरमच्छ ने अपना शिकार बनाया था। ग्रामीण प्रशासन से नदी किनारे चेतावनी बोर्ड लगाने, सुरक्षा व्यवस्था कड़ी करने और मगरमच्छों को पकड़ने की तत्काल कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।

अजय की बहादुरी की लोगों ने की जमकर तारीफ
10 साल के अजय की बहादुरी की पूरी क्षेत्र में तारीफ हो रही है। लोग और सोशल मीडिया पर उसे “नन्हा हीरो” कहकर सम्मानित कर रहे हैं। एक छोटे बच्चे ने अपने पिता को बचाकर जो साहस दिखाया है, वह काबिले तारीफ है। इस घटना ने चंबल नदी क्षेत्र में वन्यजीवों से जुड़े खतरों को भी उजागर किया है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Anil Kapoor

Related News

static