पत्नी की बेवफाई से टूटा पिता, 14 साल की बेटी को सीने से लगा ट्रेन के आगे कूदा; सुसाइड नोट में लिखी बर्बादी की पूरी दास्तां

punjabkesari.in Friday, Feb 27, 2026 - 08:44 AM (IST)

Unnao News: उत्तर प्रदेश के उन्नाव जिले से एक ऐसी खबर सामने आई है जिसने मानवीय संवेदनाओं को झकझोर कर रख दिया है। एक पिता ने अपनी 14 वर्षीय मासूम बेटी के साथ रेलवे ट्रैक पर जाकर अपनी जीवनलीला समाप्त कर ली। मरने से पहले लिखे एक सुसाइड नोट में इस खौफनाक कदम के लिए अपनी पत्नी को जिम्मेदार ठहराया है।

क्या है पूरा मामला?
यह दर्दनाक घटना 23 फरवरी की रात करीब 8:45 बजे गंगाघाट कोतवाली क्षेत्र के सहजनी क्रॉसिंग के पास हुई। मृतकों की पहचान 50 वर्षीय विकास गुप्ता और उनकी 14 वर्षीय बेटी वेदिका के रुप में हुई है। घटनास्थल से करीब 100 मीटर दूर विकास की सफेद रंग की कार खड़ी मिली। कार के अंदर से पुलिस को विकास का मोबाइल और पर्स मिला। मोबाइल के पीछे चिपका एक छोटा सा सुसाइड नोट मिला, जिसमें विकास ने अपनी मौत का जिम्मेदार अपनी दूसरी पत्नी को बताया है।

अवैध संबंध और दुबई जाने की जिद
विकास के भाई शिवम ओमर ने पुलिस को दिए बयान में चौंकाने वाले खुलासे किए हैं। उनके अनुसार पहली पत्नी की मौत के बाद विकास ने डोली नाम की महिला से शादी की थी। लेकिन शादी के बाद से ही घर में कलह शुरू हो गई। आरोप है कि डोली का पिछले दो महीनों से किसी दूसरे युवक के साथ संबंध था और वह उसके साथ दुबई (Dubai) भागने की फिराक में थी। 19 फरवरी को जब विकास ने इसका विरोध किया, तो डोली ने अपने मायके वालों को बुलाकर विकास की बेरहमी से पिटाई करवाई। इस हमले में विकास के सिर पर गंभीर चोट आई थी, जिसका इलाज कानपुर के हैलट अस्पताल में चला।

पुलिस की लापरवाही पर सवाल?
परिजनों का आरोप है कि मौत से ठीक पहले यानी 23 फरवरी को ही विकास ने पुलिस को अपनी सुरक्षा और मारपीट की शिकायत के लिए प्रार्थना पत्र दिया था। आरोप है कि अगर पुलिस समय रहते कार्रवाई करती, तो आज पिता-बेटी जिंदा होते। पुलिस की इसी कथित 'अनदेखी' ने विकास को अंदर से तोड़ दिया।

5 लोगों पर मुकदमा दर्ज
घटना के बाद पुलिस और फॉरेंसिक टीम ने मौके से साक्ष्य जुटाए हैं। मृतक के भाई की तहरीर पर पुलिस ने आरोपी पत्नी डोली समेत कुल 5 लोगों के खिलाफ गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है। शवों का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया गया है, जिन्होंने गमगीन माहौल में अंतिम संस्कार कर दिया।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Anil Kapoor

Related News

static