16 मिनट का ऑफर, 16 रुपए का कपड़ा और 4000 लोगों की भीड़... दुकान में मची अफरा-तफरी का Video Viral

punjabkesari.in Sunday, Aug 16, 2026 - 12:24 PM (IST)

Kanpur News: बेटे के जन्मदिन की खुशी मनाना एक कपड़े वाले को ऐसा भारी पड़ा कि जश्न का माहौल सीधे पुलिसिया झमेले में तब्दील हो गया। अनवरगंज थाना क्षेत्र की अलम मार्केट में होजरी दुकान चलाने वाले रईस आलम ने सोचा तो यही था कि 15 अगस्त की आधी रात को एक धमाकेदार ऑफर देकर पब्लिसिटी बटोरेंगे, लेकिन जो हुआ उसकी कल्पना उन्होंने खुद भी नहीं की होगी।

मिली जानकारी के मुताबिक, रईस आलम ने 15 अगस्त की रात ठीक 11:59 बजे सोशल मीडिया पर एक वीडियो अपलोड किया। वीडियो में दावा किया गया कि बेटे के जन्मदिन के मौके पर सिर्फ 16 मिनट के लिए दुकान में रखा कोई भी रेडीमेड कपड़ा चाहे सूट हो, जींस हो या शर्ट मात्र 16 रुपए में मिलेगा। फिर क्या था, आधी रात को ही यह वीडियो व्हाट्सएप और रील पर जंगल की आग की तरह फैल गया।

 

बताया जा रहा है कि ऑफर का फायदा उठाने के लिए लोग रात में ही अलम मार्केट की तरफ भाग पड़े। देखते ही देखते दुकान के बाहर 3 से 4 हजार लोगों का ऐसा हुजूम उमड़ पड़ा कि पैर रखने तक की जगह नहीं बची। पहले आगे निकलने की होड़ मची, फिर धक्का-मुक्की होने लगी। देखते ही देखते मौके पर भगदड़ जैसी स्थिति बन गई और कई लोग एक-दूसरे के ऊपर गिर पड़े। हालात बिगड़ते देख दुकानदार रईस आलम के हाथ-पांव फूल गए। भीड़ के उग्र होने से घबराकर वह आनन-फानन में दुकान पर ताला लटकाकर उल्टे पैर फरार हो गया।

मौके पर मची अफरा-तफरी की खबर मिलते ही अनवरगंज और बेगमगंज थाने की पुलिस सहित एसीपी मंजय सिंह भारी फोर्स के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने लाउडस्पीकर से लोगों को हटाया और माहौल संभालने के लिए लाठियां पटककर भीड़ को खदेड़ा।दुकानदार तो रफूचक्कर हो चुका था, लेकिन पुलिस को मौके पर उसका भाई मिल गया, जिसे पुलिस पूछताछ के लिए थाने ले गई।

ये भी पढ़ें:- Yogi सरकार का बड़ा एक्शन: UP में नकली पनीर-घी पर बैन, मिलावट मिली तो लाइसेंस रद्द और सीधी जेल

एसीपी मंजय सिंह ने साफ कहा है कि दुकानदार ने बिना किसी पूर्व सूचना या अनुमति के इस तरह का ऑफर देकर भारी भीड़ जुटाई, जिससे कानून-व्यवस्था बिगड़ने का बड़ा खतरा पैदा हो गया। बिना तैयारी के ऐसी अव्यवस्था फैलाने के आरोप में रईस आलम के खिलाफ सख्त वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Anil Kapoor

Related News

static