''प्लास्टिक सर्जरी से बदलती थी चेहरा...'', Lucknow में S#X रैकेट चला रही उज्बेकिस्तान की लोला गिरफ्तार

punjabkesari.in Wednesday, Aug 12, 2026 - 01:34 PM (IST)

Lucknow News: उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में खुफिया एजेंसी IB ने एक बेहद ही चौंकाने वाले और हाई-प्रोफाइल सेक्स रैकेट का भंडाफोड़ किया है। IB ने मामले की मुख्य सूत्रधार और उज्बेकिस्तान की नागरिक लोला कायूमोवा को धर दबोचा और सुशांत गोल्फ सिटी थाना पुलिस के हवाले कर दिया। करीब एक साल से फरार चल रही लोला उज्बेकिस्तान और नेपाल से युवतियों की मानव तस्करी कर उन्हें लखनऊ लाती थी और फिर पॉश इलाकों के फ्लैटों में रखकर उनसे देह व्यापार करवाती थी।

सूत्रों से मिली जानकारी के मुताबिक, पुलिस जांच में जो बातें सामने आई हैं, वे बेहद चौंकाने वाली हैं। लोला का सिंडिकेट चलाने का तरीका बेहद शातिर था। वह विदेश से युवतियों को फुसलाकर लखनऊ लाती थी और फिर एक डॉक्टर की मदद से उनकी प्लास्टिक सर्जरी करवा देती थी। चेहरा और हुलिया बदलने के बाद इन युवतियों को शहर के अलग-अलग पॉश इलाकों के अपार्टमेंट्स में रखकर देह व्यापार के गंदे धंधे में धकेल दिया जाता था।

ये भी पढ़ें:- 'हवा में उछली कार और फिर...', माफिया अतीक के बेटे आबान के एक्सीडेंट का LIVE वीडियो वायरल

बताया जा रहा है कि यह पूरा मामला पिछले साल जून में तब सामने आया था, जब 20 जून 2025 को FRRO की टीम ने न्यू हजरतगंज के एक नामी अपार्टमेंट के कमरा नंबर 527 पर अचानक छापेमारी की थी। वहां से होलिडा और नीलोफर नाम की 2 विदेशी युवतियां फर्जी दस्तावेजों के साथ पकड़ी गई थीं। उस कार्रवाई के बाद से ही लोला पुलिस और सुरक्षा एजेंसियों से बचने के लिए अंडरग्राउंड हो गई थी।

सुरक्षा एजेंसियों की पड़ताल में पता चला है कि लोला पर उसके अपने देश उज्बेकिस्तान में भी लुकआउट नोटिस जारी है। वह उज्बेकिस्तान और नेपाल के कई बड़े मानव तस्करी गिरोहों से सीधे संपर्क में थी। भारत में अवैध रूप से टिके रहने के लिए उसने लखनऊ में चोरी-छिपे शादी भी रचा रखी थी। फिलहाल IB और स्थानीय पुलिस लोला के पूरे नेटवर्क, उससे जुड़े डॉक्टर और इस रैकेट के मददगारों का पता लगाने के लिए उससे कड़ाई से पूछताछ कर रही है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Anil Kapoor

Related News

static